सबसे तेज़ धावक अनिमेष कुजूर का सरगुजा रेंज आईजी और एसएसपी ने किया सम्मान
अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर के सुपुत्र एवं भारत के सबसे तेज़ धावक अनिमेष कुजूर द्वारा एथलेटिक्स के क्षेत्र में रचे गए ऐतिहासिक इतिहास के उपलक्ष्य में रक्षित केंद्र अंबिकापुर के सभाकक्ष में एक भव्य सम्मान समारोह 2026 का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के कुशल दिशा-निर्देशन में किया गया।
जिससे संपूर्ण सरगुजा पुलिस परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है।समारोह के दौरान आईजी सरगुजा रेंज सरगुजा एवं डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने अपने अपने उद्बोधन में अनिमेष कुजूर की इस असाधारण उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए एक प्रेरणास्त्रोत बताया।
अनिमेष कुजूर की खेल यात्रा उपलब्धियों से भरी रही है, जिन्होंने 100 मीटर दौड़ में 10.14 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकालकर जर्मनी के वेट्झलर में विदेश में सबसे तेज़ भारतीय होने का गौरव हासिल किया है, साथ ही 200 मीटर में 20.32 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। वह डायमंड लीग में दौड़ने वाले और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय पुरुष धावक भी हैं।
2 जून 2003 को छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के ग्राम घुंटगांव में जन्मे, एक पुलिस अधिकारी परिवार से ताल्लुक रखने वाले अनिमेष ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और बस्तर के संघर्षशील मैदानों से निकलकर विश्व मंच तक का यह सफर तय किया है। उन्होंने एशियाई खेल 2026 और एशियाई रिले चैंपियनशिप में कांस्य पदक तथा सीनियर फेडरेशन कप 2026 व इंटर-स्टेट 2026 में स्वर्ण पदक हासिल कर देश का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम के अंत में एक अन्य विशेष उपलब्धि के तहत, पुलिस मुख्यालय से प्राप्त ‘साइबर जागृति अभियान’ में सरगुजा पुलिस द्वारा सरगुजा रेंज में प्रथम स्थान प्राप्त किए जाने पर, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज सरगुजा द्वारा डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस प्रेरणादायक और ऐतिहासिक कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक बंसोड़ प्रशिक्षु आईपीएस, उप पुलिस अधीक्षक तुल सिंह पट्टावी, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, प्रशिक्षु सूबेदार पेमिन वर्मा, प्रशिक्षु सूबेदार गुलशन चंद्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी एवं पुलिस परिवार उपस्थित रहे।



