चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का दिखने लगा असर, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान का असर छत्तीसगढ़ में भी दिख सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। चक्रवात ‘अर्नब’ के असर को देखते हुए दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा में कल स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

वहीं इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों के लिए मौसम आधारित सलाह जारी की है। किसानों को अगले 2 से 4 दिन धान और अन्य फसलों की कटाई रोकने, कटी फसल को सुरक्षित रखने और खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 27 अक्टूबर से बारिश का दौर शुरू हो गया है, सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए है। आज 27 अक्टूबर को भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। 28 और 29 अक्टूबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।

अनुमान के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर की सुबह के आसपास आंध्र प्रदेश तट के निकट पहुंच सकता है। इसके बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यनम तट को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की अधिकतम गति 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है बकि झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहे इसी चक्रवाती तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। IMD के अनुसार, छत्तीसगढ़ में 3 दिन मौसम खराब रहेगा। छत्तीसगढ़ में 27 अक्टूबर से गरज चमक और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश का अनुमान है। इसको लेकर अलग-अलग जगहों पर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का प्रभाव छत्तीसगढ़ राज्य में पड़ने की संभावनाओं के मद्देनजर शासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसे लेकर मंत्रालय महानदी भवन में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य के सभी जिलों के कलेक्टरों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में चक्रवात के मद्देनजर 27 से 29 अक्टूबर तक आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टर और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी जुड़े।

दो दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

28 अक्टूबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ में और 29 अक्टूबर को उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर भारी से बहुत ज्यादा भारी बारिश और कहीं-कहीं ज्यादा भारी बारिश हो सकती है। इसको लेकर कुछ जगहों पर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button