बालकनी में इन चीजों का जमावड़ा पड़ सकता है भारी, वास्तु नियमों को न करें नजरअंदाज

घर की बालकनी को कबाड़ रखने की जगह न बनाएं। अक्सर लोग इसे मामूली जगह समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि वास्तु में इसका खास महत्व बताया है। आप भी बालकनी के रखरखाव पर ज्यादा ध्यान नहीं देते, तो कुछ जरूरी बातों को जानना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।
नईदिल्ली (ए)। घर की बालकनी को अक्सर लोग कपड़े सुखाने, पुराने सामान रखने या कुछ देर बैठने की जगह मानते हैं। लेकिन वास्तु शास्त्र में इसे घर का एक अहम हिस्सा माना गया है। मान्यता है कि बालकनी की बनावट, साफ-सफाई और वहां रखी चीजें घर के वातावरण पर असर डाल सकती हैं। ऐसे में कुछ छोटी-छोटी गलतियों से बचकर इस जगह को साफ, खुला और व्यवस्थित रखा जा सकता है। तो चलिए जानते हैं बालकनी में रखी कौन-सी चीजें घर का वास्तु बिगाड़ सकती हैं।
अगर आप बालकनी में बैठकर किताब पढ़ते हैं, चाय पीते हैं या सुबह की शुरुआत करते हैं, तो बैठने की व्यवस्था पर भी ध्यान दे सकते हैं।
बालकनी की दीवारों और फर्नीचर के लिए सफेद, क्रीम, हल्का पीला और हल्का हरा जैसे रंग अच्छे विकल्प हो सकते हैं। ये रंग जगह को खुला और रोशनी से भरा हुआ दिखाने में मदद करते हैं। अगर आपको प्राइवेसी चाहिए, तो भारी पर्दों के बजाय हल्के कपड़े या ऐसे कवर का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिनसे हवा और रोशनी का रास्ता पूरी तरह बंद न हो।
बालकनी को घर और बाहरी वातावरण के बीच संपर्क का महत्वपूर्ण स्थान है। यहां अनावश्यक सामान जमा करने से बचें। पुराने गमले, टूटे फर्नीचर, बेकार डिब्बे और लंबे समय से इस्तेमाल नहीं होने वाली चीजें बालकनी को अव्यवस्थित बना देती हैं। बेहतर होगा कि समय-समय पर इनकी सफाई की जाए।
वास्तु के अनुसार, बालकनी में टूटी कुर्सियां, पुरानी साइकिलें, धूल भरे गत्ते और बेकार सामान जमा न करें। ऐसी चीजें जगह को संकरा और गंदा बना सकती हैं। बालकनी को हमेशा बंद रखने या पर्दों से पूरी तरह ढकने के बजाय पर्याप्त रोशनी और हवा आने देना बेहतर है।
बालकनी को सुंदर बनाने के लिए पौधे लगाना अच्छा विकल्प है। लेकिन कुछ वास्तु मान्यताओं में कैक्टस, अधिक कांटेदार पौधों और बोनसाई को बालकनी में न रखने की सलाह दी जाती है। इसके बजाय जगह और धूप के अनुसार हरे-भरे पौधे लगाएं।
बालकनी केवल कपड़े सुखाने या सामान रखने की जगह नहीं है। इसे साफ, हवादार और व्यवस्थित रखने से घर का यह हिस्सा अधिक उपयोगी और सुंदर बन सकता है। सबसे जरूरी बात यही है कि बालकनी में अनावश्यक सामान न जमा होने दें।



