भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी20 मैच आज, भारत 1-0 से आगे, वैभव को मिलेगा मौका?

भारतीय बाएं हाथ के बल्लेबाजों को ऑफ स्पिन के खिलाफ परेशानी हुई थी। ब्रेसवेल ने इसका फायदा उठाया और न्यूजीलैंड की टीम एक बार फिर मध्य ओवरों में भारतीय बल्लेबाजी की रफ्तार धीमी करने की कोशिश करेगी। सैंटनर ने भी माना कि उनकी टीम के सामने अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को रोकने की चुनौती होगी। उन्होंने कहा कि पावरप्ले में दोनों बल्लेबाजों की आक्रामकता पर अंकुश लगाने का तरीका तलाशना होगा। साथ ही, टीम को अतिरिक्त रन देने से बचना होगा और फील्डिंग में मिले मौकों का बेहतर इस्तेमाल करना होगा…
नईदिल्ली (ए)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज शनिवार को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। पहले टी20 में 226 रन का रिकॉर्ड लक्ष्य हासिल कर भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है, लेकिन इस जीत के बावजूद गेंदबाजी की कमजोरियों ने टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है। बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाई थी, लेकिन दूसरे मुकाबले में गेंदबाजों को अपनी लय हासिल करनी होगी।
क्राइस्टचर्च की बल्लेबाजी के अनुकूल परिस्थितियों में भारतीय गेंदबाजों के लिए चुनौती आसान नहीं रहने वाली है। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने पहले मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला था। ऐसे में टीम इंडिया को अपनी रणनीति में सुधार करना होगा।
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले मुकाबले के बाद गेंदबाजी में सुधार की जरूरत स्वीकार की थी। उन्होंने कहा था कि भारतीय गेंदबाजों ने उन हार्ड लेंथ गेंदों की तुलना में थोड़ी आगे गेंदबाजी की, जिन्हें उन्हें अधिक प्रभावी तरीके से इस्तेमाल करना चाहिए था। दूसरे मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों को सही लेंथ के साथ गेंदबाजी करनी होगी। बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों में छोटी-सी गलती भी महंगी साबित हो सकती है।
दूसरे टी20 में भारतीय प्रशंसकों की नजरें 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर भी रहेंगी। ईशान किशन चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह कुमार कुशाग्र को टीम में शामिल किया गया है।
ऐसे में वैभव सूर्यवंशी के अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने की संभावना है। संजू सैमसन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। वहीं, पहले मैच में तीसरे नंबर पर उतरे तिलक वर्मा के अपने नियमित पांचवें स्थान पर लौटने की उम्मीद है।
पहले मुकाबले में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली थी। दोनों ने पावरप्ले में ही 94 रन ठोक दिए थे। भारतीय शीर्ष क्रम की इसी आक्रामक बल्लेबाजी को रोकना न्यूजीलैंड के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी।
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी और एडम मिल्ने ने पहले मुकाबले में शुरुआती ओवरों में स्विंग हासिल की, लेकिन उनकी लेंथ भारतीय बल्लेबाजों को ज्यादा परेशान नहीं कर सकी। हालांकि, मध्य ओवरों में कप्तान मिचेल सैंटनर और माइकल ब्रेसवेल ने भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाया था। दूसरे मुकाबले में भी न्यूजीलैंड की टीम इस रणनीति को जारी रखना चाहेगी।
भारतीय टीम के लिए पांचवें और छठे गेंदबाजी विकल्प का प्रदर्शन चिंता का विषय बना हुआ है। हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में ऑलराउंडरों से अतिरिक्त गेंदबाजी की उम्मीद थी, लेकिन वे अब तक इस भूमिका में प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं।
पहले टी20 मुकाबले में नीतीश कुमार रेड्डी ने चार ओवर में 40 रन खर्च किए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। वहीं, नमन धीर को गेंदबाजी का मौका नहीं मिला। हालांकि, उन्होंने बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
मुख्य गेंदबाजों का प्रदर्शन भी पहले मैच में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। करीब चार साल बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार ने चार ओवर में 49 रन दिए। इस दौरान उन्होंने दो नो-बॉल और दो वाइड भी फेंकी। इससे साफ है कि उन्हें अपनी पुरानी लय हासिल करने के लिए अभी मेहनत करनी होगी।
पावरप्ले में फिन एलन और टिम सीफर्ट ने भुवनेश्वर कुमार और अर्शदीप सिंह के खिलाफ आसानी से बाउंड्री लगाईं। वहीं, अक्षर पटेल भी पहले मुकाबले में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन देने वाले गेंदबाज रहे।



