प्रज्ञान ओझा बने नए सेलेक्शन कमिटी के चीफ, रमेश पवार भी हुए शामिल

BCCI ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा को मेंस सेलेक्शन कमिटी का नया चीफ सेलेक्टर नियुक्त किया है। रमेश पोवार को भी सेलेक्शन कमिटी का सदस्य नियुक्त किया गया है…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया की सेलेक्शन कमिटी में बड़ा बदलाव किया है। अब पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को इस कमेटी का नया चेयरमैन यानी चीफ सेलेक्टर बनाया गया है। ओझा को यह जिम्मेदारी सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने के अनुभव के आधार पर मिली है और वह इस पद पर अजीत अगरकर की जगह लेंगे। इसके अलावा, पूर्व क्रिकेटर रमेश पोवार को भी इस चयन समिति में नए सदस्य के रूप में शामिल कर लिया गया है।
बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) के सदस्य अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे ने चयन समिति के नए सदस्य को चुनने की प्रक्रिया पूरी की। इन दोनों ने मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में सभी आवेदनों की जांच और इंटरव्यू लेने के बाद, आपसी सहमति से रमेश पोवार का नाम इस पद के लिए चुना है।
रमेश पावर की बात करें तो उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में भारत के लिए 2 टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले थे। इसके बाद उन्होंने कोचिंग की दुनिया में कई बड़े पदों पर काम किया, जिसमें भारतीय महिला टीम, मुंबई और गुजरात के हेड कोच के अलावा बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी शामिल है। भारतीय महिला टीम के साथ अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने टीम को एशिया कप का खिताब और कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल दिलाया था।
भारतीय मेंस क्रिकेट टीम की नए सेलेक्शन कमिटी की कमान अब प्रज्ञान ओझा के हाथों में होगी। उनके साथ इस टीम में शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
इस पूरी सेलेक्शन कमिटी का मुख्य काम टीम के लिए बेहतरीन खिलाड़ियों को चुनना और मैच के हिसाब से सही टीम कॉम्बिनेशन तैयार करना है। अब ओझा की अध्यक्षता वाली इस कमेटी पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन और टीम की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सही और निष्पक्ष फैसले लेने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।



