12 लाख रुपये की अंधी सनसनीखेज लूट का पर्दाफाश: 4 कुख्यात हथियारबंद आरोपी गिरफ्तार; चांदी के जेवर , पिस्तौल, देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस द्वारा आरोपियों से चांदी के जेवर, मोबाइल, चारपहिया/दोपहिया वाहन सहित कुल 26 लाख रुपए कीमत मूल्य का सामान किया गया बरामद…100 से अधिक संगीन अपराध दर्ज: यह अंतरराज्यीय गिरोह उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में लूट, डकैती व चोरी की 100 से अधिक वारदातें कर चुका है। अपराध के दौरान आरोपी घातक हथियारों एवं अत्यधिक क्रूरता का बिना संकोच प्रयोग करते थे…आरोपियों द्वारा इसके पूर्व भी वर्ष 2022 एवं 2024 में भाटापारा शहर निवासी दो अन्य ज्वेलर्स संचालकों से लूटपाट की घटना की गई थी घटित…
बलौदा बाजार। दिनांक 16.07.2026 को प्रातः लगभग 09:30 बजे, ग्राम रोहरा निवासी व दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी अपनी एक्टिवा (CG 22 AG 7852) से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। रोहरा हाई स्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार 04 नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने प्रार्थी पर हमला कर मोबाइल व स्कूटी की चाबी छीनी और बैग में रखे 13 किग्रा चांदी व 70 ग्राम सोना (कुल कीमती ₹12,00,000) लूट कर फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्र. 404/2026, धारा 309(6) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा एवं उप पुलिस अधीक्षक कौशल किशोर वासनिक के मार्गदर्शन में एसडीओपी भाटापारा तारेश साहू के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया।
1. व्यापक CCTV फुटेज विश्लेषण: निरीक्षक हेमंत पटेल (थाना प्रभारी, भाटापारा ग्रामीण) एवं निरीक्षक प्रणाली वैद्य (प्रभारी, साइबर सेल) की संयुक्त टीम ने तरेंगा, मारो, बेमेतरा, मुंगेली, तखतपुर, बिलासपुर तथा रतनपुर मार्ग तक फैले 1,000 से अधिक CCTV फुटेजों को खंगाला।
2. AI एवं साइबर इंटेलिजेंस: जांच में न केवल वीडियो फीड बल्कि विभिन्न डेटा पैटर्न के विश्लेषण के लिए AI तकनीक (AI-driven Video & Data Analytics) का प्रभावी इस्तेमाल किया गया, जिससे संदिग्धों की गतिविधि का रूट-मैप तैयार हुआ।
3.सटीक दबिश: साइबर सेल की तकनीकी जांच और सक्रिय मुखबिर तंत्र की सटीक सूचना के आधार पर आरोपियों के छिपने के संभावित ठिकानों पर योजनाबद्ध दबिश देकर चारों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पकड़े गए चारों आरोपी शातिर एवं दुस्साहसी किस्म के अंतरराज्यीय अपराधी हैं। इनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, गंभीर मारपीट आदि के तथा लगभग 10 करोड से भी अधिक कीमत मूल्य के लूट, डकैती, चोरी आदि के 100 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। यह गिरोह घटना को अंजाम देते समय पिस्तौल व धारदार हथियारों से लैस रहता था और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने से भी नहीं हिचकिचाता था।
सभी 04 आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरोह के अन्य संभावित नेटवर्क, आश्रयदाताओं तथा अन्य आपराधिक वारदातों में संलिप्तता के संबंध में पुलिस रिमांड लेकर कड़ाई से पूछताछ जारी है। प्रकरण विवेचना में है। इसके अलावा आरोपियों द्वारा थाना सिमगा एवं भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत निम्न दो अन्य अपराध को भी घटित किया गया था
1. दिनांक 05.09.2024 को घटनास्थल भाटापारा मेनरोड ग्राम देवरीडीह तिराहा के पास आयुष ज्वेलर्स के संचालक से सोने चांदी के आभूषण लूटने की घटना।
2. दिनांक 04.07.2022 को महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक से ग्राम रोहरा हाई स्कूल के पास सोने चांदी के जेवर एवं नगदी लूटने की घटना।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. बबलू पाण्डेय उर्फ शत्रुहन, उम्र 48 वर्ष, ग्राम बेनीपुरपानी, थाना मऊ, जिला चित्रकूट (उ.प्र.)
2. जयदीप गुप्ता, उम्र 43 वर्ष, थाना के पास गोविन्दगढ़, जिला रीवा (म.प्र.)
3. जिआ उल हक, उम्र 42 वर्ष, बोधईपूर्वा, थाना कोतवाली देहात, जिला गोण्डा (उ.प्र.)
4. गंगासागर पाण्डेय, उम्र 42 वर्ष, ग्राम बेनीपुरपानी, थाना मऊ, जिला चित्रकूट (उ.प्र.)
बरामद एवं जब्तशुदा सामग्री
अवैध आग्नेयास्त्र व हथियार:
1 पिस्तौल (अनलोड मैगजीन सहित) +5 जिंदा कारतूस
1 देशी कट्टा + 9 जिंदा कारतूस
1 लोहे की धारदार तलवार
1 महिंद्रा स्कॉर्पियो एवं 2 मोटर साइकिलें
सम्पत्ति व नकदी:
लगभग ₹1,00,000 मूल्य के चांदी के जेवर
नगद राशि ₹10,620
5 नग एंड्रॉइड/कीपैड मोबाइल फोन
पुलिस द्वारा आरोपियों से चांदी के जेवर, मोबाइल, चार पहिया/दोपहिया वाहन सहित कुल 26 लाख रुपए कीमत मूल्य का सामान बरामद किया गया है।



