सोशल मीडिया आज के समय में जन-जन तक पहुंचने का सबसे ताकतवर माध्यम है: SP सुनील शर्मा

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला पुलिस द्वारा ‘सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर मीट-26’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के जरिए समाज में साइबर सुरक्षा की चेतना जगाना और आम जनता को सुरक्षित इंटरनेट के प्रति जागरूक करना था। इस कार्यक्रम में जिले के तमाम सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और प्रमुख कंटेंट क्रिएटर्स ने बड़े उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

इस दौरान जिले का नाम रोशन करने वाली खास हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने अपने हाथों से इन्हें सम्मानित किया, जिनमें हाल ही में महामहिम राष्ट्रपति के हाथों “बेस्ट शिक्षिका” अवॉर्ड से नवाजी गईं सुनीता यादव और खेल के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन कर पंकज विक्रम अवॉर्ड तथा छत्तीसगढ़ शासन का शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार प्राप्त करने वाले रीना रॉय और करण भारती शामिल रहे।

सम्मान समारोह के बाद पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने क्रिएटर्स के साथ वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी इंफ्लूएंसर्स से सीधा संवाद करते हुए कहा कि सोशल मीडिया आज के समय में जन-जन तक पहुंचने का सबसे ताकतवर माध्यम है और यदि हमारे कंटेंट क्रिएटर थोड़ी सी जिम्मेदारी निभाएं, तो हम मिलकर इस जिले में साइबर अपराधों को काफी हद तक कम कर सकते हैं। बैठक में विशेष रूप से किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी या बैंक पासवर्ड साझा न करने, लॉटरी और पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर आने वाले फर्जी लिंक्स से दूर रहने तथा सोशल मीडिया अकाउंट्स पर प्राइवेसी सेटिंग्स मजबूत रखने पर जोर दिया गया।

इस पहल का मूल उद्देश्य पुलिस और सोशल मीडिया क्रिएटर्स के बीच एक मजबूत समन्वय बनाना है, ताकि जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचे और जनता की सक्रिय भागीदारी से अपराधों पर लगाम लगाई जा सके। साथ ही, छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान का और अधिक प्रचार-प्रसार किया जा सके।

इसी बीच,एसपी ने सभी क्रिएटर्स से सुझाव मांगे, ताकि जिले में साइबर जागरूकता अभियान को और बेहतर तरीके से चलाकर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जा सके। इस दौरान कुछ कंटेंट क्रिएटर्स ने अपने बहुमूल्य सुझाव भी दिए, जिन्हें नोट करते हुए उन पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।

इसी कड़ी में आज जिले के सभी थानों और चौकियों के अंतर्गत ग्रामीण इलाकों, स्थानीय स्कूलों और महाविद्यालयों को मिलाकर कुल 41 प्रमुख स्थानों पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 4,165 आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन सभी कार्यक्रमों का मुख्य विषय “स्मार्टफोन की प्राइवेसी और सुरक्षित इंटरनेट” था।

वहीं, कार्यक्रम में उपस्थित श्रीमती सुनीता यादव ने भी सभी सोशल मीडिया क्रिएटर्स को स्मार्टफोन में मजबूत पासवर्ड लगाकर और सुरक्षित तरीकों का इस्तेमाल करके अपनी डिजिटल जिंदगी को सुरक्षित रखने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने अपने कुछ अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे उनके साथ भी साइबर ठगी के प्रयास हुए थे।

कार्यक्रम के अंत में सभी कंटेंट क्रिएटर्स ने इस पहल का स्वागत किया और यह संकल्प लिया कि वे जिले में किसी भी प्रकार का साइबर अपराध न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे। इस दौरान एसपी सुनील शर्मा ने कहा कि आप लोगों का हर एक प्रयास किसी की जिंदगी को संवारने में मदद करता है, इसलिए इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और जागरूकता से संबंधित कंटेंट तैयार कर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जरूर साझा करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button