रायपुर में होगा भारत और जिम्बाब्वे का तीन टी20 मैच, तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक
रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने 16, 18 एवं 20 अक्टूबर को राजधानी के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाले इंडिया बनाम जिम्बाब्वे टी20 मैच की तैयारियों को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के साथ बैठक ली।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण आयोजन है। पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए तथा सामानों की ओवररेटिंग न हो। पुलिस प्रशासन से समन्वय कर सुरक्षा एवं ट्रैफिक के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
उन्होंने कहा कि मैदान में खिलाड़ियों के साथ दर्शकों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित रहें। प्रशासन की एसओपी का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। आपदा के समय क्या किया जाए, इसकी कार्ययोजना पहले से तैयार रखें।
डॉ. सिंह ने कहा कि आग से बचाव के लिए आवश्यक उपकरणों का अनिवार्य रूप से इंतजाम किया जाए तथा जिला सेनानी से समन्वय स्थापित कर उपकरणों का पूर्व परीक्षण कर लिया जाए। सभी दर्शकों की सुविधाजनक आवाजाही सुनिश्चित की जाए और मेडिकल सुविधा का अनिवार्य रूप से इंतजाम किया जाए। क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस बार केवल ऑनलाइन माध्यम से टिकट की बिक्री की जा रही है।
दर्शकों की सुविधा के लिए टिकट ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। ई-टिकट स्कैन करने के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा रहेगी। टिकट के साथ तय संख्या में पार्किंग पास दिए जाएंगे। स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। दर्शकों के लिए खाने-पीने की चीजों और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था भी रहेगी।
सीरीज से पहले भारतीय टीम के 11 अक्टूबर और जिम्बाब्वे की टीम के 13 अक्टूबर को रायपुर पहुंचने की संभावना है। भारतीय टीम को करीब 4 दिन अभ्यास का मौका मिलेगा। वहीं, टिकटों की बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है।
बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा खलखो, रायपुर ग्रामीण एएसपी अभिषेक झा, एडीएम उमाशंकर बंदे, छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ एवं बीसीसीआई के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
इस सीरीज में स्मृति मंधाना पहली बार फुल-टाइम कप्तान के तौर पर भारतीय टीम की कमान संभालेंगी। शेफाली वर्मा उप-कप्तान होंगी। पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम में शामिल हैं।
15 सदस्यीय टीम में ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि भी शामिल हैं। तीनों मैच रायपुर में होने से स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों को छह दिनों में तीन अंतरराष्ट्रीय मैच देखने का मौका मिलेगा।



