युवती पर एसिड अटैक करने वाला आरोपी कथित प्रेमी और उसका साथी गिरफ्तार

बालोद। शहर में निवासरत पीड़ित युवती प्रतिदिन की भांति लाइब्रेरी से अपने घर की ओर वापस जा रही थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा उस पर एसिड फेंककर हमला किया गया, जिससे छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। पड़ोस के लोग उसकी आवाज सुनकर तत्काल मदद के लिए बाहर निकले तथा पीड़िता के पिता को जानकारी देकर उसे ईलाज के लिए तुरंत जिला अस्पताल बालोद लेकर गये।

एसिड फेंककर आरोपी तत्काल तांदुला डैम की ओर फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में व्यापक सर्च अभियान चलाया गया साथ ही उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर संदिग्धों से पूछताछ की गई।

मामले की जांच में एसडीओपी विनय साहू की टीम द्वारा मौके से घटना के संबंध में साक्ष्य जुटाए गए एवं शहर में अलग अलग लोकेशन पर स्थित सीसीटीवी फुटेज को चेक किया गया। जुटाए गए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पीड़ित युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर, वर्तमान निवासी कुंदरूपारा, बालोद को संदेह के घेरे में लिया गया। यश सोनकर द्वारा कई प्रकार की मनगढ़ंत कहानियां बनाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर यश सोनकर ने पीड़ित युवती से प्रेम संबंध स्वीकार किया तथा किसी अन्य जगह अफेयर एवं शादी हेतु स्वीकार नहीं किए जाने से गुस्से में आकर करीब तीन माह पूर्व अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम, निवासी भैरमगढ़, बीजापुर के साथ मिलकर युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाना स्वीकार किया।

इस दौरान यश सोनकर लगातार युवती को मनाने का प्रयास कर रहा था। युवती द्वारा तैयार नहीं होने की स्थिति में उसने अपने दोस्त करण कुंजाम को 26 सितंबर को बालोद बुलाया। 27 सितंबर को एसिड खरीदकर गणेश झांकी के दौरान घटना को अंजाम देने की प्लानिंग की गई, लेकिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आरोपियों ने उस समय घटना को अंजाम नहीं दिया।

इसके बाद 05 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे, जब युवती लाइब्रेरी से अपने घर वापस लौट रही थी, तभी यश सोनकर के कहने पर करण कुंजाम द्वारा युवती पर एसिड फेंका गया। घटना के बाद करण कुंजाम तत्काल मौके से फरार होकर तांदुला बांध की ओर भागा। वहां से लिफ्ट लेकर झलमला, मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा।

आरोपी यश सोनकर द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस द्वारा करण कुंजाम की तलाश की गई तथा उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया गया।

दोनों आरोपियों ने अपने मेमोरेण्डम कथन में घटना कारित करना स्वीकार किया है तथा घटना में प्रयुक्त एसिड एवं घटना के समय पहने हुए कपड़ों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई, जिन्हें पुलिस द्वारा जप्त किया गया।

पकड़े गए आरोपियों के नाम

1. यश कुमार सोनकर, पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, वार्ड नं. 11, ग्राम नेवारिकला, जिला बालोद।

2. करण कुंजाम, पिता दिनेश कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, वार्ड नं. 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर।

प्रकरण में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button