महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी में निवेश के नाम पर करीब ₹70 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार
पैसे निवेश कराने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश…महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी में निवेश के नाम पर करीब ₹70 करोड़ की धोखाधड़ी…
पुलिस आमजन से अपील करती है कि अधिक मुनाफा, कम समय में पैसा दोगुना करने अथवा निवेश पर असामान्य ब्याज देने वाले किसी भी ऑफर के झांसे में न आएं। किसी भी कंपनी अथवा व्यक्ति को पैसा निवेश करने से पहले उसकी विश्वसनीयता एवं वैधानिकता की जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आर्थिक धोखाधड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कांकेर पुलिस द्वारा अपराधिक हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 संचालित किया जा रहा है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी…
कांकेर। महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी के संचालकों द्वारा कंपनी में पैसा निवेश करने पर 05 प्रतिशत का ब्याज (कमीशन) देने एवं डेढ़ साल में रकम दुगने देने का लालच दिया गया। आरोपियों द्वारा छत्तीसगढ़ के कांकेर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों को झांसा देकर कंपनी में निवेश कराया गया।
आरोपियों द्वारा पीड़ित सरकारी कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को अलग-अलग बैंकों से लोन लेने के लिए प्रेरित कर पूरी राशि कंपनी में निवेश कराई गई। शुरुआत में कुछ किश्तों का भुगतान करने के बाद आरोपियों ने पैसा देना बंद कर दिया और लोगों की जमा राशि लेकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर के मार्गदर्शन में एसडीओपी संतोष सिंह के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई।
थाना अंतागढ़ क्षेत्र में महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी में पैसा निवेश करने पर अधिक मुनाफा देने का झांसा देकर लगभग 500 लोगों से करीब ₹70 करोड़ की धोखाधड़ी करने के मामले में अंतागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्रकरण में थाना अंतागढ़ में अपराध क्रमांक 58/2026, धारा 420, 120(बी), 112, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
साइबर सेल कांकेर एवं थाना अंतागढ़ पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई की गई।
आरोपी दयाशंकर साहू को ग्राम ढेलका, साजा जिला बेमेतरा तथा आरोपी नितिन निर्मलकर को रायपुर से पकड़ा गया। पूछताछ एवं विवेचना के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरणः-
01. दयाशंकर साहु पिता लक्ष्मण साहु उम्र 45 वर्ष साकिन बन्दरचुआ थाना ढोकड़ा जिला जशपुर हाल भिलाई सेक्टर 09 हुड़को थाना भिलाई नगर जिला दुर्ग (छ.ग.)।
02. नितिन निर्मलकर पिता राजेन्द्र निर्मलकर उम्र 26 वर्ष निवासी गधियापारा सिरसाकला पोस्ट-सिरसाकला थाना पुरानी भिलाई जिला दुर्ग हॉल मटपारा बजरंग चौक रायपुर थाना पुरानी बस्ती जिला रायपुर (छ.ग.)।



