एसपी त्रिलोक बंसल एक्शन में: थाना सिटी कोतवाली, कंट्रोल रूम, डायल-112, साइबर सेल से यातायात शाखा तक किया आकस्मिक निरीक्षण

बेमेतरा। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने देर शाम रात थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा, पुलिस कंट्रोल रूम, डायल-112 कंट्रोल, साइबर सेल एवं यातायात शाखा का आकस्मिक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, त्वरित कार्रवाई और बेहतर पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

एसपी ने थाना अभिलेखों, जनरल डायरी, ड्यूटी रजिस्टर, लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान, शिकायतों एवं जब्ती माल की समीक्षा करते हुए सभी लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “अनुशासन ही पुलिस व्यवस्था की बुनियाद है” और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीले पदार्थों तथा अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, लंबित स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामील सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही समयबद्ध विवेचना पूरी कर 60 से 90 दिनों के भीतर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग, कॉम्बिंग ऑपरेशन, विजिबल पुलिसिंग, गोवंश तस्करी पर सख्त कार्रवाई तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए इंटरसेप्टर वाहन के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने साइबर प्रहरी अभियान, त्रिनयन एप और सशक्त एप के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से स्मार्ट एवं हाईटेक पुलिसिंग को बढ़ावा देने की बात कही।

पुलिस कंट्रोल रूम की समीक्षा करते हुए एसपी ने निर्देश दिए कि आम जनता से प्राप्त प्रत्येक सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारी तक पहुंचाया जाए तथा की गई कार्रवाई का विवरण लॉग बुक एवं निर्धारित रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम पर आने वाले फोन कॉल्स को धैर्य और संवेदनशीलता के साथ सुनकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

यातायात शाखा के निरीक्षण के दौरान एसपी ने उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों एवं ओवरस्पीड वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों और बाजारों में यातायात जागरूकता अभियान चलाने तथा दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक सोनल ग्वाला, उप निरीक्षक दिलीप सिंह सहित थाना, पुलिस कंट्रोल रूम, साइबर सेल एवं यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button