ADG विवेकानंद सिन्हा ने गोद लिए थाना चारामा की कार्यप्रणाली की समीक्षा की, अपराध नियंत्रण एवं लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर दिया जोर

कांकेर। डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस-2025 के निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश के 10 वर्ष से अधिक सेवा अनुभव वाले भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों द्वारा एक-एक पुलिस थाना गोद लेकर थाना स्तर पर अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता, लंबित प्रकरणों के निस्तारण, वारंट निष्पादन, सड़क सुरक्षा एवं जनसेवा से संबंधित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक,नक्सल ऑप्स, वित्त, योजना एवं प्रबंध, छत्तीसगढ़ पुलिस विवेकानंद सिन्हा  द्वारा गोद लिए गए थाना चारामा का निरीक्षण किया गया। थाना की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्थाओं, अभिलेख एवं रिकॉर्ड संधारण, अपराध अनुसंधान, लंबित प्रकरणों तथा पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।

एडीजी विवेकानंद सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी ‘उत्कृष्ट थाना मार्गदर्शिका’ के निर्धारित मानकों के अनुरूप थाना की कार्यप्रणाली को विकसित किया जाए। थाना स्तर पर प्रत्येक कार्य का व्यवस्थित एवं अद्यतन दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने तथा महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं फाइलों के बेहतर डिजीटल संधारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने 01वर्ष से पूर्व लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता तथा प्रकरणों में समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

एडीजी ने निर्देशित किया कि गंभीर अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही, लंबित वारंटों के निष्पादन, निरोधात्मक कार्यवाही तथा नागरिक सेवाओं से संबंधित प्रकरणों में निर्धारित समय-सीमा का विशेष रूप से पालन किया जाए।

उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों एवं प्राथमिकता वाले कार्यों का थाना स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि इनके अपेक्षित परिणाम आम नागरिकों तक पहुंच सकें।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने थाना स्तर पर जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए तथा प्रकरणों के निराकरण में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत एवं न्याय मिल सके।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, एसडीओपी कांकेर हरीश पाटिल, थाना प्रभारी चारामा सुरेश कुमार राठौर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button