25 करोड़ की फिरौती मांगने वाले का पर्दाफाश: आरोपी गिरफ्तार, विदेशी नंबर से आया था व्हाटसअप कॉल

रायपुर। प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा ने थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 14.09.2026 को उसके मोबाइल फोन पर विदेशी मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी भरे संदेश प्राप्त हुए। संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने स्वयं को अमन साहू गैंग से संबंध होना बताया तथा प्रार्थी से 25 करोड़ रुपये की फिरौती/रंगदारी की मांग की। रकम नहीं देने पर प्रार्थी, उसके पुत्र अजीत एवं परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने तथा रायपुर एवं तेलीबांधा क्षेत्र में हत्या करवाने की धमकी दी गई।

अज्ञात आरोपी द्वारा योजनाबद्ध तरीके से भय एवं आतंक का वातावरण निर्मित कर 25 करोड़ रुपये की फिरौती वसूलने का प्रयास किया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 403/26 धारा 308(4), 351(3), 351(4) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा प्रकरण में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं सायबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल द्वारा एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा की संयुक्त टीम को अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच प्रारंभ की गई। प्रार्थी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर धमकी भरे व्हाट्सएप संदेश, विदेशी मोबाइल नंबर एवं आरोपी द्वारा भेजे गए अन्य संदेशों तथा वीडियो से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की गई।

टीम द्वारा प्रार्थी के मोबाइल फोन पर प्राप्त विदेशी नंबर सहित उससे जुड़े अन्य मोबाइल नंबरों एवं तकनीकी जानकारियों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों की कड़ियों, संपर्कों एवं उपलब्ध डिजिटल इनपुट का आपस में मिलान करते हुए पुलिस टीम द्वारा लगातार तकनीकी विश्लेषण एवं फील्ड स्तर पर पतासाजी करते हुए विभिन्न कडियों को आपस में जोड़कर अज्ञात आरोपी तक पहुंचने में सफलता प्राप्त करते हुये आरोपी की पहचान शोएब ढ़ेबर निवासी खम्हारडीह रायपुर के रूप में करते हुए आरोपी की पतासाजी कर पकड़ा गया। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर आरोपी शोएब ढ़ेबर द्वारा उक्त घटना को अंजाम देना बताया गया।

आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना से संबंधित 05 नग आईफोन कीमती लगभग 5,00,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।

गिरफ्तार आरोपी- शोएब ढ़ेबर पिता अनवर ढ़ेबर उम्र 26 साल निवासी पॉम बेलाजियो फ्लैट नंबर 803 बी थाना खम्हारडीह रायपुर।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button