कांकेर जिले के नवपदस्थ कलेक्टर कुंदन कुमार ने संभाला पदभार, टीम वर्क और समन्वय से काम करने के निर्देश

कांकेर। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कुंदन कुमार भाप्रसे-2014 बैच ने कांकेर जिले के 23वें कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
नवपदस्थ कलेक्टर ने कहा कि कांकेर जिले में शासन की विभिन्न योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन उनकी पहली प्राथमिकता है। जिले के अंतिम छोर तक रहने वाले लोगों को भी योजनाओं का लाभ मिले इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांकेर जिला योजनाओं के क्रियान्वयन में अग्रणी रहे। इसके लिए अधिकारी-कर्मचारी टीम वर्क, परस्पर समन्वय और सामंजस्य के साथ कार्य करें।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम जनता को योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण और समीक्षा की जाएगी ताकि योजनाओं की प्रगति की जानकारी मिलती रहे और समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
उल्लेखनीय है कि कुंदन कुमार ने छत्तीसगढ़ कैडर आबंटन के बाद 2016-17 में भानुप्रतापपुर में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के रूप में कार्य किया। 2017 से 2019 तक कवर्धा में जिला पंचायत सीईओ और शुगर मिल प्रबंध निदेशक, 2019-20 में दुर्ग जिला पंचायत सीईओ, 2020-21 में कोरबा जिला पंचायत सीईओ रहे। 2021-22 में बलरामपुर और 2022-23 में अंबिकापुर के कलेक्टर रहे।
2024-25 में संचालक नगरीय प्रशासन, आयुक्त छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल तथा नया रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ के पद पर पदस्थ रहे।
अप्रैल 2025 से 19 अगस्त 2026 तक मुंगेली जिले के कलेक्टर के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने कांकेर जिले के 23वें कलेक्टर के रूप में कार्यभार ग्रहण किया।



