आईजी अजय यादव ने किया जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई का भ्रमण, राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

राजनांदगांव। पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज अजय यादव द्वारा जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान उन्होंने जिले के राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ पुलिस कार्यों की समीक्षा करते हुए कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आईजी अजय यादव ने लंबित अपराधों, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ कार्य करने निर्देशित किया। उन्होंने विवेचना में गुणवत्ता बनाए रखने, साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन, आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई तथा न्यायालयीन प्रकरणों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं तत्परता से निराकरण करने तथा क्षेत्र में सतत् पुलिस गश्त एवं निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान आईजी अजय यादव द्वारा घाघरा कैम्प का निरीक्षण भी किया गया। उन्होंने कैम्प की सुरक्षा व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों एवं जवानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आईजी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने हेतु प्रेरित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button