एसपी शलभ सिन्हा ने ली क्राइम रिव्यू मीटिंग, स्मार्ट एवं तकनीक आधारित पुलिसिंग पर दिया विशेष जोर

जगदलपुर। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की क्राइम रिव्यू मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले में घटित अपराधों, लंबित प्रकरणों एवं शिकायतों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विवेचनाओं की गुणवत्ता में सुधार, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग तथा समयबद्ध एवं निष्पक्ष विवेचना सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

पुलिस अधीक्षक द्वारा स्मार्ट पुलिसिंग, कम्युनिटी पुलिसिंग तथा तकनीक आधारित पुलिसिंग (Technology Enabled Policing) को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को सीसीटीएनएस (CCTNS) एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग करते हुए पुलिस कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा विभागीय, न्यायालयीन एवं अन्य वैधानिक अनुपालनों (Compliance) का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के प्रभावी पालन, दुर्घटना नियंत्रण एवं जन-जागरूकता संबंधी अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

वर्तमान वर्षा ऋतु एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए बाढ़ आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी, स्थानीय प्रशासन से समन्वय स्थापित करने, आपदा की स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

विधिक विषयों एवं विवेचना से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जिला अभियोजन अधिकारी (डीपीओ) श्री मिश्रा द्वारा अधिकारियों को आवश्यक कानूनी मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे विवेचना एवं अभियोजन की गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button