बरसते पानी में निगम आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत ने सफाई व्यवस्था की संभाली कमान, जलभराव वाले क्षेत्रों का भी किया निरीक्षण

भिलाई-03। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा के आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत ने शहर की सफाई व्यवस्था और जल निकासी की स्थिति का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। बारिश के बावजूद आयुक्त स्वयं विभिन्न वार्डों और जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंचे तथा सफाई कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नालियों की सफाई, जल निकासी की व्यवस्था तथा सड़कों पर जमा पानी की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां कहीं भी जलभराव की समस्या है, वहां तत्काल पंप लगाकर पानी निकाला जाए और नालियों में किसी प्रकार का अवरोध न रहने दिया जाए।

आयुक्त श्री राजपूत ने कहा कि बारिश के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए निगम की पूरी टीम लगातार मैदान में सक्रिय रहे। सफाई कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और रिहायशी इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए ताकि जलभराव, गंदगी और मच्छरों की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। निगम के स्वास्थ्य एवं सफाई अमले को 24 घंटे सतर्क रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान निगम के संबंधित अधिकारी एवं सफाई विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नालियों में कचरा न डालें तथा जलभराव या सफाई संबंधी किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल निगम को दें, ताकि उसका शीघ्र समाधान किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button