बेमेतरा जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने पदभार ग्रहण किया

बेमेतरा। जिले के नए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने सोमवार को जिला पुलिस कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। उन्होंने पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू का स्थान लिया। रामकृष्ण साहू अब पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

पदभार ग्रहण समारोह में DIG रामकृष्ण साहू और नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने एक-दूसरे का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर DIG रामकृष्ण साहू ने विश्वास व्यक्त किया कि बेमेतरा पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी नई नेतृत्व टीम को भी उसी समर्पण और टीम भावना के साथ सहयोग देंगे, जैसा उन्हें अपने कार्यकाल में मिला। उन्होंने शासन, जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों, सुरक्षा बलों, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों तथा मीडिया के प्रति सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव सहित सभी अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया। इसके बाद DIG रामकृष्ण साहू ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक विषयों की जानकारी देते हुए औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने जिला पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों के साथ बैठक लेकर बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण, जनता के साथ संवाद और शिकायत मिलने पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वर्ष 2016 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी त्रिलोक बंसल इससे पूर्व रायपुर, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, कोंडागांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई तथा एसटीएफ बघेरा (दुर्ग) में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, डीएसपी कौशिल्या साहू, शशिकला उईके, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, निरीक्षक कृष्णकांत सिंह, सोनल ग्वाला, मयंक मिश्रा सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button