सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करें : एसपी त्रिलोक बंसल

बेमेतरा। जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने कार्यभार ग्रहण करते ही पुलिसिंग को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। सोमवार को जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित पहली बैठक में उन्होंने जिले के राजपत्रित अधिकारियों तथा सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में एसपी त्रिलोक बंसल ने गंभीर अपराधों की जानकारी लेकर उनके शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने, अवैध जुआ, सट्टा, शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई करने तथा जिले में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक शिकायत पर त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।

एसपी त्रिलोक बंसल ने लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, जनसुनवाई को प्राथमिकता देने तथा पुलिस के व्यवहार को अधिक जवाबदेह और जनहितैषी बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करने का आह्वान किया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, डीएसपी कौशिल्या साहू, शशिकला उईके, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, स्टेनो संतोष सोनवानी सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button