विराट कोहली का 85वां अंतरराष्ट्रीय शतक, सचिन सहित कई दिग्गजों को छोड़ा पीछे

रविवार को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के शानदार शतकों की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 337 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 46 ओवर में 296 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से विराट कोहली ने बेहतरीन 124 रन की पारी खेली, जबकि हर्षित राणा ने 52 रन का योगदान दिया…
इंदौर (ए)। भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अपना 85वां अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आए और न्यूजीलैंड के खिलाफ सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत के सामने 338 रनों का लक्ष्य रखा। उनके लिए डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने शतकीय पारियां खेलीं।
इंदौर में कोहली ने 92 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह उनका वनडे में 54वां शतक है। वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में वह सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। 36 पारियों में उनके नाम सात शतक दर्ज हो गए हैं। इस मामले में उन्होंने रिकी पोंटिंग, वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर और सनथ जयसूर्या को पीछे छोड़ दिया।
नीतीश रेड्डी ने 54 गेंदों में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आए और विराट कोहली के साथ पांचवें विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी निभाई। हालांकि, पारी के 28वें ओवर में क्रिस्टियन क्लार्क ने विल यंग के हाथों उन्हें आउट करा दिया। वह दो चौके और दो छक्के की मदद से 53 रनों की पारी खेलने में कामयाब हुए।
तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (52) खेली। यह उनके वनडे करियर का पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 41 गेंदों में पूरा किया।



