भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा टी20 मैच आज, सूर्या-शुभमन की खराब फॉर्म चिंता का विषय

तीसरे टी20I से शुभमन गिल के लिए तीन मैचों का निर्णायक ऑडिशन शुरू हो गया है. खराब फॉर्म के चलते उनकी जगह खतरे में है, जबकि सूर्यकुमार यादव को कप्तान होने के कारण राहत मिल सकती है. टीम मैनेजमेंट की रणनीतिक चूकों, कुलदीप यादव की संभावित अनदेखी और संजू सैमसन की वापसी की चर्चा के बीच धर्मशाला मुकाबला भारत के लिए बेहद अहम बन गया है…
धर्मशाला (ए)। भारत-साउथ अफ्रीका के बीच रविवार को धर्मशाला में तीसरा टी20 मैच खेला जाना है. इस मुकाबले में टीम इंडिया के उपकप्तान शुभमन गिल पर सभी की नजर होगी. गिल के लिए प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह बचाने की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है. अगर धर्मशाला में भी गिल का बल्ला खामोश रहता है तो टी20 वर्ल्ड कप (जो छह हफ्ते में शुरू हो रहा है) से पहले भारतीय टीम प्रबंधन ‘प्लान बी’ पर स्विच कर सकता है।
धर्मशाला में होने वाले तीसरे टी20I से पहले भारतीय ड्रेसिंग रूम का माहौल अचानक गर्म हो गया है. लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे कप्तान सूर्यकमार यादव और गिल अब सवालों के घेरे में हैं. तीसरे टी20I से लेकर टी20 वर्ल्ड कप तक भारत के पास सिर्फ आठ मैच बचे हैं. ऐसे में आलोचनाओं से घिरे मुख्य कोच गौतम गंभीर दो आउट-ऑफ-फॉर्म शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को एक साथ खिलाने का जोखिम नहीं उठा सकते।
कप्तान होने के नाते सूर्यकुमार यादव को टी20 वर्ल्ड कप तक छूट मिल सकती है, भले ही वह पिछले एक साल से खराब फॉर्म में हों. लेकिन यही छूट शुभमन गिल को नहीं मिलेगी, क्योंकि वह टी20 ओपनर के रूप में पहली पसंद नहीं थे।
गिल को असाधारण प्रदर्शन करना होगा ताकि यह साबित कर सकें कि अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति ने इंग्लैंड के खिलाफ एक खराब सीरीज के बाद संजू सैमसन को बाहर कर गलती नहीं की. ऐसा नहीं होने पर संजू सैमसन की वापसी या फिर 165 की शानदार स्ट्राइक रेट वाले यशस्वी जायसवाल का न्यूजीलैंड सीरीज में शामिल होना तय माना जा रहा है।
धर्मशाला में टीम मैनेजमेंट अर्शदीप और वरुण को रेस्ट देकर कुलदीप और हर्षित राणा को मौका दे. हालांकि, इसकी संभावना कम ही मानी जा रही है।
टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से होगी, जिसमें टॉस शाम 6:30 पर होगा। वहीं ये मैच लगभग रात 11 बजे तक खत्म हो जाएगा। ऐसे में ये तय है कि मुकाबले की टाइमिंग को लेकर किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस मैच का सीधा प्रसारण फैंस टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स के नेटवर्क पर देख सकते हैं तो वहीं लाइव स्ट्रीमिंग जियोस्टार की एप पर होगी।
धर्मशाला के स्टेडियम में खेले जाने वाले सीरीज का तीसरा टी20 मैच दोनों टीमों के लिए काफी अहम रहने वाला है, क्योंकि इसमें जीत हासिल करने वाली टीम के पास सीरीज को भी जीतने की राह थोड़ी आसान जरूर हो सकती है। टीम इंडिया को दूसरे टी20 मैच में जिस तरह से एकतरफा हार का सामना करना पड़ा उसके बाद सभी फैंस की नजरें अब वापसी को लेकर टिकी हुई हैं, जिसमें कई प्लेयर्स के प्रदर्शन पर नजरें रहने वाली हैं।



