वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने रोहित, विराट-रोहित ने सचिन-द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ा

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान अफरीदी ने अपने वनडे करियर में कुल 351 छक्के लगाए हैं, लेकिन रोहित के नाम अब इस प्रारूप में 352 छक्के हो गए हैं और वह सभी से आगे निकल गए हैं। रोहित ने यह उपलब्धि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच के दौरान हासिल की…

 

रांची (ए)। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित ने यह उपलब्धि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच के दौरान हासिल की। इस मैच से पहले रोहित ये उपलब्धि हासिल करने से तीन छक्के दूर थे और उन्होंने मैच में तीन छक्के लगाते ही पाकिस्तान के शाहीद अफरीदी को पीछे छोड़ दिया।

रोहित शर्मा और विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में शानदार बल्लेबाजी की। रोहित को शुरुआत में जीवनदान मिला था और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया। रोहित इससे पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी अच्छी फॉर्म में थे और उन्होंने इस लय को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी बरकरार रखा है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान अफरीदी ने अपने वनडे करियर में कुल 351 छक्के लगाए हैं, लेकिन रोहित के नाम अब इस प्रारूप में 352 छक्के हो गए हैं और वह सभी से आगे निकल गए हैं।

रोहित ने पारी के 15वें ओवर में दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर प्रेनेलन सुब्रयन की गेंद पर डीप मिडविकेट पर लगातार दो छक्के लगाकर अफरीदी की बराबरी की और फिर मार्को यानसेन की गेंद को डीप स्क्वायर लेग पर पुल करके अफरीदी के काफी कम पारियों में सर्वाधिक वनडे छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड बना लिया। रोहित ने 2007 में पदार्पण के बाद भारत के लिए 278 मैचों की 270वीं पारी में इस उपलब्धि को हासिल किया।
रोहित-कोहली का साथ में यह 392वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला है। भारत के लिए किसी भी जोड़ी ने अब तक साथ में इतने मैच नहीं खेले हैं। रोहित और कोहली ने इस मामले में सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ा। सचिन और द्रविड़ ने साथ में 391 मैच खेले थे और अब रोहित और कोहली इस मामले में इस जोड़ी से आगे निकल गए।
कोहली के वनडे करियर का यह 52वां और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का 83वां शतक है। कोहली 102 गेंदों पर सैकड़ा पूरा किया। यह इस साल उनका वनडे प्रारूप में दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 100 रन बनाए थे। कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में 120 गेंदों पर 11 चौकों और सात छक्के की मदद से 135 रन बनाकर आउट हुए।
कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ दिया है। सचिन और वॉर्नर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50 ओवर के प्रारूप में पांच-पांच शतक लगाए हैं, जबकि कोहली इस टीम के खिलाफ वनडे में छह शतक लगा चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button