दूसरे टेस्ट जितने से भारत 7 कदम दूर: गिल ने तोड़ा 54 साल पुराना रिकॉर्ड, यशस्वी ने द्रविड़-सहवाग का रिकॉर्ड की बराबरी की

यशस्वी ने अपने 21वें टेस्ट में 2000 रन पूरे कर लिए। उन्होंने भारत की दूसरी पारी के दौरान 28 रन बनाए और यह उपलब्धि हासिल की। हालांकि, टेस्ट पारी के मामले में यशस्वी ने द्रविड़ और सहवाग की बराबरी की है। तीनों ने 40-40 पारी में 2000 रन पूरे किए हैं…
नईदिल्ली (ए)। भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल समाप्त हो गया है। भारत ने अपनी दूसरी पारी छह विकेट पर 427 रन पर घोषित की और 607 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर मेजबान टीम के सामने 608 रनों का लक्ष्य रखा। भारतीय गेंदबाजों ने दूसरी पारी में टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और इंग्लैंड को तीन झटके दिए। इंग्लैंड ने जैक क्रावली, बेन डकेट और जो रूट के विकेट गंवा दिए हैं। दिन के खेल की समाप्ति तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 72 रन बनाए हैं और उसे अब 536 रन और बनाने हैं। स्टंप्स के समय ओली पोप 24 और हैरी ब्रूक 15 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। भारत की ओर से आकाश दीप ने दो विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज को एक विकेट मिला है।
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने क्रावली का जल्दी गंवा दिया। क्रावली खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद आकाश दीप ने बेन डकेट को बोल्ड किया जो 25 रन बनाकर पवेलियन लौटे। आकाश ने फिर जो रूट को बोल्ड किया जो छह रन बनाकर आउट हुए। भारत ने इस तरह इंग्लैंड के तीन विकेट गिराए। भारत को अब पांचवें और आखिरी दिन जीत के लिए सात विकेट लेने होंगे, जबकि इंग्लैंड को जीत दर्ज करनी है तो 536 रन बनाने होंगे।
गिल ने अपनी शानदार पारी के दम पर इतिहास रच दिया है और वह एक टेस्ट मैच में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। गिल ने इस मामले में भारत के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर को पीछे छोड़ दिया है। गावस्कर ने 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले गए टेस्ट मैच में कुल 344 रन बनाए थे। गिल ने बर्मिंघम में खेले जा रहे इस मैच में 430 रन बनाए और उन्होंने 54 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। गिल पहले भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने एक टेस्ट मैच में 400 से अधिक रन बनाए हैं।
गिल आठवें भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाया है। वहीं, वह नौवें खिलाड़ी हैं जिन्होंने एक ही टेस्ट मैच में दोहरा शतक और शतक लगाया है। गिल ने बर्मिंघम टेस्ट की पहली पारी में 269 रन बनाए थे और अब दूसरी पारी में भी उन्होंने शतक लगा दिया है।
गिल कप्तान के तौर पर अपने पहले दो टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। कोहली ने कप्तान के तौर पर अपने पहले दो टेस्ट मैच में 449 रन बनाए थे, लेकिन गिल अब इस मामले में कोहली से आगे निकल गए हैं। गिल अब तक दो टेस्ट मैच में 550 से अधिक रन बना चुके हैं। इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर सुनील गावस्कर हैं जिन्होंने कप्तान के तौर पर अपने पहले दो टेस्ट मैच में 429 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ ने इस दौरान 367 रन बनाए थे।



