दिल्ली वालों ने आप-दा को किया बाहर, पीएम मोदी बोले- विकास, विजन और विश्वास की हुई जीत

दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रचंड जीत के लिए दिल्ली की जनता का धन्यवाद किया। साथ ही आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोला…
नईदिल्ली (ए)। दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करके भाजपा ने 27 साल का सूखा खत्म कर दिया है। भारी बहुमत से चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। जीत के जश्न में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। भाजपा मुख्यालय पर उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और दिल्ली की जनता को जीत की बधाई दी।
उन्होंने कहा कि आप-दा वाले यह कहकर राजनीति में आए थे कि राजनीति बदल डालेंगे, लेकिन ये कट्टर बेईमान निकले। मैं आज अन्ना हजारे जी का बयान सुन रहा हूं। वे काफी समय से आप-दा वालों के कुकर्माें की पीड़ा झेल रहे हैं। आज उनको भी पीड़ा से मुक्ति मिली होगी। जिस पार्टी का जन्म ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध आंदोलन से हुआ, वो ही भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई। उनके मुख्यमंत्री और मंत्री जेल गए। वे खुद को ईमानदार कहते थे और दूसरों को बेईमान कहते थे। शराब घोटाले ने दिल्ली को बदनाम किया। कोराेना काल में आप-दा वाले शीशमहल बना रहे थे। उन्होंने घोटाले छिपाने के लिए साजिश रचीं। हम पहले विधानसभा सत्र में सीएजी की रिपोर्ट सदन में रखेंगे। भ्रष्टाचार की जांच होगी। लूटने वालों को लौटाना होगा। ये मोदी की गारंटी है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज दिल्ली के लोगों में उत्साह और सुकून भी है। मैंने हर दिल्ली से प्रार्थना की थी भाजपा को सेवा का अवसर दीजिए है। दिल्ली के हर परिवारीजन को मोदी को गारंटी पर भरोसा करने के लिए नमन करता हूं। दिल्ली की जनता ने दिल खोलकर प्यार दिया। दिल्ली के लोगों का यह प्यार और विश्वास हम पर कर्ज है। इसे अब दिल्ली की डबल इंजन सरकार तेजी से विकास करके चुकाएगी। आज की यह ऐतिहासिक विजय सामान्य विजय नहीं है। दिल्ली के लोगों ने आप-दा को बाहर कर दिया। एक दशक की आप-दा से दिल्ली मुक्त हुई। दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई। आंडबर, अराजकता, अहंकार और आप-दा की हार हुई है। इस नतीजे में भाजपा कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत, परिश्रम विजय को चारचांद लगाता है। सभी कार्यकर्ता विजय के हकदार हैं। सभी को विजय की बधाई देता हूं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने साफ किया कि दिल्ली की असली मालिक जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हुआ है। दिल्ली के जनादेश से ये भी साफ है कि राजनीति में शॉर्टकट, झूठ-फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। जनता ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शॉर्ट सर्किट कर दिया। लोकसभा चुनाव में भी दिल्ली ने निराश नहीं किया। तीन चुनावों में दिल्ली लोगों ने भाजपा को सात सीटों पर विजयी बनाया। पीएम मोदी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के मन में दिल्ली की पूरी तरह से सेवा न कर पाने की टीस थी। आज वह टीस खत्म हुई। अब युवा पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेंगे। नतीजों से साफ है कि लोगों में भाजपा की डबल इंजन सरकार के प्रति भरोसा है।
उन्होंने कहा कि हमने पहले हरियाणा, फिर महाराष्ट्र और अब दिल्ली में नया इतिहास रचा है। हमारा दिल्ली अब एक शहर नहीं है, ये दिल्ली मिनी हिंदुस्तान है, लघु भारत है। दिल्ली एक भारत-श्रेष्ठ भारत के विचार को जी जान से जीती है। दिल्ली में पूरे देश के लोग हैं। दिल्ली विविधताओं से भरे भारत का लघुरूप है। आज दिल्ली ने भाजपा को प्रचंड जनादेश का आशीर्वाद दिया है। दिल्ली में हर जगह कमल खिला है। हर भाषा और राज्य के लोगों ने कमल पर मुहर लगाई। इस चुनाव में मैं जहां भी गया वहां मैं गर्व से कहता था कि मैं तो पूर्वांचल से सांसद हूं। पूर्वांचल से मेरा अपनेपन का रिश्ता है। पूर्वांचल के लोगों ने रिश्ते को प्यार, विश्वास की नई ऊर्जा दी है।
उन्होंने कहा कि जब हर एक का साथ मिलता तो हर दिल्लीवासी को मेरी गारंटी है कि सबका साथ, सबका विकास, पूरी दिल्ली का विकास होगा। दिल्ली के विजय उत्सव के साथ अयोध्या के मिल्कीपुर में भी भाजपा को शानदार जीत मिली है। हर वर्ग ने भाजपा को अभूतपूर्व मत दिया है। आज देश तुष्टिकरण नहीं संतुष्टिकरण को चुन रहा है। दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की राजनीति, टकराव और प्रशासनिक अनिश्चितता ने लोगों का बहुत नुकसान किया। दिल्ली के विकास के सामने से बड़ी रुकावट लोगों ने दूर कर दी है। इन लोगों ने मेट्रो का काम रोका। आप-दा वालों ने झुग्गीवालों को घर देने से रोका। आयुष्मान भारत का लाभ मिलने नहीं दिया। अब जनता ने साफ संदेश दिया है। दिल्ली का शासन प्रचार, नौटंकी का मंच नहीं है। जनता ने डबल इंजन सरकार को चुना। हम पूरी तरह से धरातल पर रहकर काम करेंगे। हम दिल्ली की सेवा में दिन रात देंगे।
पीएम ने कहा कि देश जानता है कि जहां एनडीए है वहां विकास और विश्वास है। एनडीए का हर जनप्रतिनिधि लोगों की जीत के लिए काम करता है। जहां एनडीए को जनादेश मिला है, हमने उस राज्य को विकास की ऊंचाई पर पहुंचाया है। लोग हमारी सरकारों को दूसरी-तीसरी बार चुन रहे हैं। हर राज्य में हमें दोबारा सत्ता मिली है। दिल्ली के पास यूपी है। एक जमाने में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था बड़ी चुनौती थी। यूपी में दिमागी बुखार का कहर बरसता था। हमने इसका अंत करने के लिए संकल्पबद्ध होकर काम किया। महाराष्ट्र में सूखा खत्म करने के लिए काम किया। हरियाणा में बिना खर्ची और बिना पर्ची के सरकारी नौकरी देने का काम किया। पूर्वाेत्तर में लोगों को विकास की नई धारा से जोड़ा। गुजरात आज कृषि क्षेत्र में आगे बढ़ा है। बिहार में नीतीश को अवसर मिला तो एनडीए की सरकार आने पर बदलाव आया। आंध्र में चंद्रबाबू नायडू ने अपना ट्रैक रिकॉर्ड साबित किया। एनडीए यानि विकास, सुशासन की गारंटी।
दिल्ली की महिलाओं से किया वादा पूरा करेंगे
पीएम मोदी ने कहा कि इस बार दिल्ली में झुग्गी में रहने वालों और मध्यम वर्ग ने भाजपा को जबरदस्त समर्थन दिया। हर वर्ग के प्रोफेशनल हमारी पार्टी में काम कर रहे हैं। हमारी पार्टी ने हमेशा मध्यम वर्ग को प्राथमिकता पर रखा। हमने दिल्ली में सबसे पहले मेट्राे का काम शुरू किया। अन्य शहरों में भी काम हुआ। अब लोग अपने सपनों को पूरा कर रहे हैं। अब लोगों को अच्छी स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधा मिल रही है। नारीशक्ति का आशीर्वाद हमारा रक्षा कवच है। नारीशक्ति ने एक बार फिर हमें आशीर्वाद दिया है। हमने हर राज्य में नारी शक्ति से किए हर वादे को पूरा किया है। आज करोड़ों माताओं बहनों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। दिल्ली की महिलाओं से किया वादा भी पूरा किया जाएगा। ये मोदी की गारंटी यानि गारंटी पूरा होने की गारंटी है।
उन्होंने कहा कि टूटी सड़कें, सीवरेज, प्रदूषित हवा से दिल्ली की जनता परेशान रही है। भाजपा सरकार इसे दूर करेगी। आजादी के बाद पहली बार दिल्ली एनसीआर में भाजपा का शासन आया है। यह सुखद संयोग है। इससे दिल्ली और एनसीआर में तरक्की के अनगिनत रास्ते खुलने जा रहे हैं। आने वाले समय में पूरे क्षेत्र में मोबिलिटी और बुनियादी ढांचे पर काम हो। युवाओं को तरक्की के अवसर मिलें। देश शहरीकरण की ओर बढ़ रहा है। पहले की सरकारों ने इसे चुनौती समझा। मेरा मानना है कि शहरीकरण लोगों को सशक्त करने का माध्यम है। दिल्ली भारत का गेटवे है। इसे देश का सर्वश्रेष्ठ शहरी बुनियादी ढांचा मिलना चाहिए। लोगोें ने हमारा काम देखा है। अब हम पूरी शक्ति से काम में जुटेंगे।



