मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने की सौजन्य भेंट

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गुरुवार को उनके निवास कार्यालय में नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने सौजन्य भेंट की।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्री गौतम को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नागरिक सुरक्षा और पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने आधुनिक तकनीकों के समुचित उपयोग, जनसहभागिता और अनुशासित पुलिसिंग के माध्यम से प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किए जाने पर बल दिया।
ज्ञात हो कि अरुण देव गौतम 1992 छत्तीसगढ़ कैडर के आईपीएस हैं, जो छत्तीसगढ़ के कोरिया, रायगढ़, जशपुर, राजनांदगांव, सरगुजा और बिलासपुर में अपनी सेवा दे चुके हैं. इसके अलावा अरुण देव गौतम सचिव गृह विभाग और ओएसडी भी रह चुके हैं।
IPS अरुण देव गौतम संयुक्त राष्ट्र पदक और राष्ट्रपति पदक से सम्मानित हैं. अरुण देव गौतम का जन्म 2 जुलाई 1967 को हुआ है. मूलतः उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं. शुरुआती शिक्षा गांव के स्कूल से हासिल की. राजनीति में एमए किया है।
12 अक्टूबर 1992 को उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा में नौकरी शुरु की. झीरम घाटी हमले के बाद अरुण देव को बस्तर आईजी बनाकर भेजा गया।
2009 में राजनांदगांव में नक्सली हमले में 29 पुलिस कर्मियों के बलिदान के बाद उन्हें राजनांदगांव का एसपी बनाया गया. डीआइजी बनने के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स, सीआइडी, मुख्यमंत्री सुरक्षा, योजना, प्रशासन में महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं।



