अभिषेक शर्मा भारत के लिए सर्वोच्च टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाज बने, भारतीय टीम का चौथा सर्वश्रेष्ठ स्कोर

अभिषेक ने 54 गेंदों पर सात चौकों और 13 छक्कों की मदद से 135 रन बनाए जिसकी मदद से भारत ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 247 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया…

 

मुंबई (ए)। भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अपनी तूफानी पारी से इंग्लैंड के गेंदबाजों को हैरान कर दिया। अभिषेक ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर तूफानी पारी खेली और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। अभिषेक ने 54 गेंदों पर सात चौकों और 13 छक्कों की मदद से 135 रन बनाए जिसकी मदद से भारत ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 247 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया था, लेकिन उनका यह फैसला उलटा पड़ता नजर आ रहा है क्योंकि भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा की शानदार पारी के दम पर इंग्लैंड को 248 रनों का लक्ष्य दिया है। भारत का यह टी20 में चौथा सर्वोच्च टोटल है। भारत का इस प्रारूप में सर्वोच्च स्कोर पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में बनाया गया छह विकेट पर 297 रन है। अभिषेक इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टी20 में जिस तरह से खेल रहे थे, उसे देखते हुए लग रहा था कि टीम आज टी20 में 300 रन बना सकती है। हालांकि, दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे इस कारण यह संभव नहीं हो सका। हालांकि, टीम एक बार फिर टी20 में अपना दबदबा दिखाने में सफल रही।

अभिषेक ने अपनी दमदार पारी की मदद से शुभमन गिल को पीछे छोड़ दिया। अभिषेक टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। गिल ने 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 126 रनों की पारी खेली थी, लेकिन अभिषेक ने 135 रन बनाने के साथ ही उन्हें पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में ऋतुराज गायकवाड़ तीसरे स्थान पर हैं जिन्होंने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 123 रन की पारी खेली थी। वहीं, विराट कोहली ने 2022 में अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 122 रन बनाए थे और वह भारत के लिए सर्वोच्च टी20 रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। रोहित शर्मा नाबाद 121 रन बनाकर इस सूची में पांचवें नंबर पर हैं।
अभिषेक ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मुकाबले में कुल 13 छक्के लगाए और वह इस प्रारूप में एक पारी में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अभिषेक से पहले रोहित शर्मा, संजू सैमसन और तिलक वर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय की एक पारी में 10-10 छक्के लगा चुके हैं। रोहित ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ, जबकि सैमसन और तिलक ने पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 मैच में 10-10 छक्के लगाए थे।
टी20 में भारत का सर्वोच्च टोटल 

स्कोर बनाम स्थान वर्ष
297/6 बांग्लादेश हैदराबाद 2024
283/1 दक्षिण अफ्रीका जोबर्ग 2024
260/5 श्रीलंका इंदौर 2017
247/9 इंग्लैंड वानखेड़े 2025

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button