27 रन पर सिमटी वेस्टइंडीज टीम: क्रिकेट बोर्ड ने रिचर्डसन-लॉयड-लारा जैसे दिग्गजों से मांगी मदद

ऑस्ट्रेलिया ने जमैका के किंग्सटन में इतिहास रच दिया है। उन्होंने वेस्टइंडीज की दूसरी पारी को 27 रन पर समेट दिया, जो कि टेस्ट इतिहास को दूसरा न्यूनतम स्कोर है। वहीं, वेस्टइंडीज के टेस्ट इतिहास का यह न्यूनतम स्कोर है…

 

नईदिल्ली (ए)। क्रिकेट वेस्टइंडीज में उस वक्त हड़कंप मच गया जब रॉस्टन चेज के नेतृत्व वाली वेस्टइंडीज टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट में 27 रन पर ऑलआउट हो गई। बोर्ड ने इस मुकाबले के बाद क्लाइव लॉयड, सर विवियन रिचर्ड्स और ब्रायन लारा जैसे दिग्गजों से मदद मांगी है। बोर्ड ने कैरिबियाई देशों में क्रिकेट को पुनर्जीवित करने के लिए बैठक बुलाई।

ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टेस्ट में मिचेल स्टार्क (नौ रन पर छह विकेट) की तूफानी गेंदबाजी और स्कॉट बोलैंड की हैट्रिक की बदौलत वेस्टइंडीज को 27 रन पर समेट दिया जो टेस्ट क्रिकेट का दूसरा सबसे कम स्कोर है। मिसफील्ड के कारण वेस्टइंडीज की टीम सर्वकालिक न्यूनतम स्कोर की बराबरी करने से बच गई।

सबीना पार्क में दिन-रात्रि टेस्ट में मेजबान टीम को ऑल आउट करने के लिए ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 14.3 ओवर की जरूरत पड़ी। सीडब्ल्यूआई के अध्यक्ष किशोर शैलो ने एक बयान में कहा, ‘चर्चा को मजबूत करने के लिए मैंने हमारे तीन महानतम बल्लेबाजों सर क्लाइव लॉयड, सर विवियन रिचर्ड्स और ब्रायन लारा को आमंत्रित किया है। वे पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों डॉ. शिवनारायण चंद्रपॉल, डॉ. द मोस्ट ऑनरेबल डेसमंड हेन्स, इयान ब्रैडशॉ के साथ शामिल होंगे जो पहले से ही समिति का हिस्सा हैं।’शैलो ने आगे कहा, ‘यह मुलाकात कोई औपचारिकता नहीं है। ये वे लोग हैं जिन्होंने हमारे स्वर्णिम युग को परिभाषित करने में मदद की है और हमारे क्रिकेट विकास के अगले चरण को आकार देने में उनके विचार बहुमूल्य होंगे। हमारा इरादा है कि इस बैठक से ठोस और कार्यान्वयन योग्य सुझाव सामने आएं।’ शैलो ने कहा कि वेस्टइंडीज के लिए गेंदबाजी चिंता का विषय नहीं है लेकिन बल्लेबाजी विभाग में सुधार की जरूरत है।

वेस्टइंडीज के 10 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके
204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 14.3 ओवर में 27 रन पर सिमट गई। 10 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। इनमें से सात बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल पाए। खाता नहीं खोल पाने वाले बल्लेबाजों में जॉन कैंपबेल, केवलोन एंडरसन, ब्रैंडन किंग, कप्तान रोस्टन चेज, शमार जोसेफ, जोमेल वारिकन और जेडन सील्स शामिल हैं। मिकाइल लुईस चार रन, शाई होप दो रन बनाकर आउट हुए। अल्जारी चार रन बनाकर नाबाद रहे। टीम के लिए सबसे ज्यादा रन जस्टिन ग्रीव्स ने बनाए। वह दहाई का आंकड़ा पार करने वाले एकमात्र बल्लेबाज रहे।
ग्रीव्स ने 11 रन बनाए। स्टार्क ने पारी के पहले ही ओवर में तीन विकेट गिरा दिए थे। उन्होंने पहली, पांचवीं और आखिरी गेंद पर कैंपबेल, एंडरसन और किंग को आउट किया था। ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्टार्क ने छह विकेट झटके, जबकि बोलैंड को तीन विकेट मिले। हेजलवुड को एक विकेट मिला। स्टार्क का यह 100वां टेस्ट मैच था। इसी को उन्होंने खास बना दिया। वह अपने 100वें टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज बने।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button