10 साल बाद होगा रायपुर में IPL का मैच, RCB का डबल धमाका, मुंबई और कोलकाता से टक्कर

रायपुर। इंडियन प्रीमियम लीग 2026 (आईपीएल) के दूसरे चरण में रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को दो बड़े मुकाबलों की मेजबानी मिली है। 10 मई को आरसीबी और मुंबई इंडियंस, जबकि 13 मई को आरसीबी और केकेआर के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। करीब 10 साल बाद रायपुर में आईपीएल मैचों की वापसी से शहर में उत्साह चरम पर है।
इस बार रायपुर को आरसीबी का दूसरा होम ग्राउंड बनाया गया है। पहले अप्रैल में मैच होने की संभावना थी, लेकिन स्टेडियम के रेनोवेशन और तकनीकी तैयारियों के चलते मुकाबले मई में शिफ्ट किए गए हैं। अब 10 और 13 मई को रायपुर में क्रिकेट सितारों का जलवा देखने को मिलेगा।
दो बड़े मुकाबलों के साथ रायपुर एक बार फिर आईपीएल का हॉटस्पॉट बनने जा रहा है. शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में फैंस को जबरदस्त क्रिकेट एक्शन देखने को मिलेगा।
रायपुर में मैचों की घोषणा के बाद से ही क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह है. टिकट से लेकर मैच देखने की तैयारियां अभी से शुरू हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक इन मुकाबलों से रायपुर के होटल, ट्रांसपोर्ट और स्थानीय व्यापार को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है. हजारों दर्शकों के आने से शहर में रौनक बढ़ेगी. आईपीएल 2026 में RCB के ये दोनों मुकाबले रायपुर के लिए सिर्फ मैच नहीं, बल्कि एक बड़े क्रिकेट उत्सव की तरह होंगे. अब सभी की नजरें इन तारीखों पर टिकी हैं, जब रायपुर क्रिकेट के रंग में पूरी तरह रंग जाएगा.
आईपीएल मैचों को ध्यान में रखते हुए शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। पवेलियन को लग्जरी लुक दिया जा रहा है, वीआईपी गैलरी के ग्लास बदले जा रहे हैं, एंट्री के लिए स्कैनर आधारित सिस्टम लागू होगा। सुरक्षा और दर्शक सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जा रहा है। आरसीबी मैनेजमेंट ने रायपुर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया है।



