सिर्फ 7 घंटे में तय होगा रायपुर से जबलपुर का सफर, दोनों शहरों के बीच जल्द चलाएगी नई वंदे भारत एक्सप्रेस

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जल्द ही एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस दौड़ेगी। यह ट्रेन एमपी और छत्तीसगढ़ के दो प्रमुख शहरों के बीच चलेगी। दोनों शहरों के बीच की दूरी लगभग 410 किमी है, जिसे यह ट्रेन सिर्फ़ 7 घंटे में तय करेगी। इससे दोनों राज्यों के बीच आवागमन आसान होगा और औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। पश्चिम मध्य रेलवे ने ट्रेन का प्रस्तावित समय-सारिणी रेलवे बोर्ड को भेज दिया है।

बता दें, कि नई वंदे भारत एक्सप्रेस एमपी संस्कारधानी के जबलपुर से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर तक चलेगी। यह ट्रेन गोंदिया होकर जाएगी। इस रूट पर अभी एक ही एक्सप्रेस ट्रेन चलती है। नई वंदे भारत एक्सप्रेस इस रूट पर यात्रा को और भी सुगम बना देगी। इससे लोगों को समय की बचत होगी और व्यापार को भी फ़ायदा होगा।

जबलपुर और रायपुर के बीच दो रेल मार्ग हैं। पहला कटनी, शहडोल और बिलासपुर होकर जाता है। दूसरा गोंदिया के रास्ते जाता है। नई वंदे भारत एक्सप्रेस दूसरे रास्ते यानि गोंदिया से होकर चलेगी। इससे सिवनी, मंडला और बालाघाट के यात्रियों को विशेष लाभ होगा। नागपुर जाने वाले यात्रियों को भी आसानी होगी क्योंकि गोंदिया से उन्हें कई ट्रेनें मिल जाएंगी।

पश्चिम मध्य रेलवे ने नई वंदे भारत एक्सप्रेस का प्रस्तावित सारिणी रेलवे बोर्ड को भेज दिया है। इसके अनुसार ट्रेन सुबह 5 बजे जबलपुर से चलेगी और नैनपुर, बालाघाट, गोंदिया होते हुए राजनांदगांव, दुर्ग और 11:55 पर रायपुर पहुंचेगी। वापसी में यह दोपहर 1.20 बजे रायपुर से चलेगी और रात 8.15 बजे जबलपुर पहुंचेगी। इस तरह यह वंदे भारत एक्सप्रेस जबलपुर और रायपुर के बीच की यात्रा लगभग 7 घंटे में पूरी कर लेगी। यह मौजूदा समय की तुलना में काफी कम है। इससे लोगों का समय बचेगा और वे अपने काम पर जल्दी पहुंच सकेंगे। व्यापारियों को भी माल ढुलाई में आसानी होगी।

यह नई ट्रेन मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करेगी। इससे दोनों राज्यों के बीच व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। लोगों को रोज़गार के नए अवसर भी मिलेंगे। इससे क्षेत्र का आर्थिक विकास होगा। इसके अलावा, यह ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button