रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री: विधायक दल की बैठक में लगी मुहर, 20 फरवरी को होगा शपथ ग्रहण
20 फरवरी को सुबह करीब 11.00 बजे दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुरू होगा। उपराज्यपाल वीके सक्सेना दोपहर 12.35 बजे नए मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे…
नईदिल्ली (ए)। दिल्ली में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बना सस्पेंस खत्म हो गया है। रेखा गुप्ता को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया है। कल यानि 20 फरवरी को सुबह करीब 11.00 बजे दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुरू होगा। उपराज्यपाल वीके सक्सेना दोपहर 12.35 बजे नए मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे। पहले यह कार्यक्रम शाम 4.30 बजे के लिए प्रस्तावित था।
बुधवार शाम को दिल्ली में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक हुई, जिसमें विधायक दल के नेता का चुनाव किया गया। इसके बाद पार्टी नेता उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर सरकार गठन का दावा पेश करेंगे और 20 फरवरी को रामलीला मैदान में नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा।



