रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की ड्रिंक एंड्र ड्राइव पर ताबड़तोड़ कार्यवाही, एक ही रात में 154 गाड़ियां जप्त

रायपुर। आगामी होली पर्व को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव (शराब पीकर वाहन चलाने) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक चले इस अभियान में 64 कार 65 बाइक 25 टाटा एस/ट्रक कुल 154 वाहन जप्त किया गया। पुलिस ने इस अभियान के लिए 8 जगह फिक्स पॉइंट बनाए थे।
एसीपी ट्रैफिक विकास कुमार के निर्देश पर डीसीपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया है। जप्त सभी गाड़ियों को ट्रैफिक कार्यालय में लाया गया है। जिसको आज माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा साथ ही वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की भी कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रमुख चौराहों और हाईवे पर विशेष नाकेबंदी की गई थी। इस दौरान ब्रेथ एनालाइज़र मशीन से जांच कर संदिग्ध चालकों को रोका गया। जांच में कई चालक निर्धारित सीमा से अधिक शराब के प्रभाव में पाए गए। ऐसे चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। त्योहारों और सप्ताहांत के दौरान इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।”
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि वे शराब का सेवन करते हैं तो स्वयं वाहन न चलाएं। सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे। इस कार्रवाई के बाद शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।



