मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मौजूदगी में लक्ष्मी वर्मा ने राज्यसभा प्रत्याशी का नामांकन पत्र दाखिल किया

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए घोषित प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा ने गुरुवार के गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नामांकन दाखिले के बाद विश्वास व्यक्त किया कि श्रीमती वर्मा राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की सशक्त नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व पूरी श्रद्धा, निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ करेंगीं। उनका अनुभव, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण उच्च सदन में प्रदेश की आवाज़ को मजबूती प्रदान करेगा।
उनकी यह उम्मीदवारी न केवल राजनीतिक दायित्व है, बल्कि प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों के आत्मविश्वास, सम्मान और सहभागिता का प्रतीक भी है। श्रीमती वर्मा को प्रत्याशी बनाना भाजपा के महिला सशक्तीकरण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि श्रीमती वर्मा एक निष्ठावान और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। राज्यसभा के लिए उनका चयन छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति का सम्मान है। उनके अनुभव से प्रदेश के हितों को दिल्ली में और मजबूती मिलेगी। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और जमीनी स्तर पर किए गए कार्यों का यह प्रतिफल है। केंद्रीय नेतृत्व का यह निर्णय कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने वाला है। उनकी उम्मीदवारी प्रदेश के विकास और नारी शक्ति के उत्थान के लिए एक मील का पत्थर है।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि श्रीमती वर्मा का राज्यसभा जाना छत्तीसगढ़ के पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए गौरव की बात है। वे संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप प्रदेश की आवाज बुलंद करेंगी। राज्यसभा में उनकी उपस्थिति से केंद्र में छत्तीसगढ़ की जनहितकारी योजनाओं और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रभावी ढंग से रखा जा सकेगा।
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पाण्डेय ने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को सदन के उच्च पटल तक पहुँचाना केवल भाजपा में ही संभव है। श्रीमती वर्मा को बधाई देते हुए डॉ. पाण्डेय ने कहा कि श्रीमती वर्मा ने एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता के तौर पर संगठन और समाज, विशेषकर महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है। यह निर्णय ‘नारी सशक्तीकरण’ के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



