मानवता की मिसाल: ITBP जवानों ने किया गर्भवती महिला का सफल रेस्क्यू, जच्चा बच्चा दोनों सुरक्षित

ITBP जवानों ने इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान के सुदूर ग्राम बोटेर (Boter) से गर्भवती महिला का सुरक्षित रेस्क्यू किया…लगभग 5 किलोमीटर दुर्गम जंगल एवं पहाड़ी मार्ग पर स्ट्रेचर से ले जाकर बचाई जान…समय पर उपचार हेतु महिला को CHC ओरछा पहुंचाया गया, मां एवं शिशु दोनों सुरक्षित…

नारायणपुर। दिनांक 27 मार्च 2026 को जिला नारायणपुर के अतिदुर्गम एवं संवेदनशील क्षेत्र इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान अंतर्गत ग्राम बोटेर (Boter) से एक गर्भवती महिला का सफल रेस्क्यू अभियान संपन्न किया गया। यह अभियान Indo-Tibetan Border Police (ITBP) की 29वीं बटालियन एवं नारायणपुर पुलिस के समन्वय से संचालित किया गया।

प्राप्त सूचना के अनुसार, महिला की स्थिति गंभीर होने के कारण तत्काल चिकित्सा सहायता आवश्यक थी। सूचना मिलते ही ITBP 29वीं बटालियन के कमांडेंट के निर्देशन में सहायक कमांडेंट अनिल कुमार के नेतृत्व में एक त्वरित कार्रवाई दल (QRT) को ग्राम बोटेर (Boter) के लिए रवाना किया गया। साथ ही COB ओरछा से एंबुलेंस को तैयार स्थिति में रखा गया।

दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, सड़कों के अभाव एवं घने जंगलों के बीच ITBP जवानों ने असाधारण साहस एवं धैर्य का परिचय देते हुए अस्थायी स्ट्रेचर तैयार कर महिला को लगभग 5 किलोमीटर तक पैदल सुरक्षित निकाला। इस दौरान टीम ने ऊबड़-खाबड़ रास्तों, खड़ी चढ़ाइयों एवं कठिन परिस्थितियों को पार किया।

रेस्क्यू टीम द्वारा महिला को बोटेर (Boter) एवं कुदमेल के मध्य निर्धारित प्वाइंट तक लाया गया, जहां पहले से मौजूद एंबुलेंस द्वारा उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), ओरछा पहुंचाया गया। वर्तमान में महिला एवं उसका शिशु दोनों सुरक्षित हैं तथा उनका उपचार जारी है।

यह सफल अभियान ITBP जवानों एवं नारायणपुर पुलिस के उत्कृष्ट समन्वय, कर्तव्यपरायणता एवं मानवीय संवेदनशीलता का प्रतीक है। विपरीत परिस्थितियों में भी आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के प्रति सुरक्षा बलों की प्रतिबद्धता सराहनीय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button