मन की बात कार्यक्रम के 123वें एपिसोड में पीएम मोदी ने कहा- इस समय सबकी निगाहें अंतरराष्ट्रीय स्पेस सेंटर पर भी हैं, भारत ने एक नया इतिहास रचा

पीएम मोदी ने 1 जुलाई को मनाए जाने वाले एक विशेष दिन की भी याद दिलाई। यह दिन दो महत्वपूर्ण पेशों ‘डॉक्टर्स’ और ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट्स’ के सम्मान का दिन है। पीएम मोदी ने कहा, “ये दोनों ही समाज के ऐसे स्तम्भ हैं, जो हमारी जिंदगी को बेहतर बनाते हैं। डॉक्टर हमारे स्वास्थ्य के रक्षक हैं और सीएम आर्थिक जीवन के मार्गदर्शक हैं…

 

 

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 123वें एपिसोड में कई महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों से बात की। इनमें से एक अहम मुद्दा था 1975 में कांग्रेस शासनकाल के दौरान लगाया गया आपातकाल। इस दौरान पीएम मोदी ने देशवासियों को उस दौर की भयावहता और संकट से अवगत कराने के लिए विभिन्न नेताओं के ऑडियो संदेशों को भी सुनाया। इन ऑडियो के माध्यम से उन्होंने उस समय के हालात को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया, जब लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश की गई थी।

पीएम मोदी ने इस एपिसोड में भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों पर गर्व जताया। उन्होंने कहा, “इस समय सबकी निगाहें अंतरराष्ट्रीय स्पेस सेंटर पर भी हैं। भारत ने एक नया इतिहास रचा है।” इस संदर्भ में उन्होंने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से अपनी हालिया बातचीत का जिक्र किया, जो इस समय अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पीएम ने बताया कि उनकी शुभांशु से बातचीत को देशवासियों ने सुना होगा और यह मिशन कितना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शुभांशु को कुछ और दिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र में रहना है। इसलिए ‘मन की बात’ के अगले एपिसोड में इस पर हम और अधिक चर्चा करेंगे।”

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “जनभागीदारी की शक्ति से, बड़े-बड़े संकटों का मुकाबला किया जा सकता है।” इसके बाद उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी भाई देसाई के एक ऑडियो का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने आपातकाल की क्रूरता को बयां किया। मोरारजी भाई ने कहा था, “आखिर ये जो ज़ुल्म हुआ दो साल तक, जुल्म तो 5-7 साल से शुरू हो गया था। मगर वो शिखर पर पहुंच गया है दो साल में, जब लोगों पर इमरजेंसी थोप दी और अमानवीय बर्ताव किया गया। लोगों के स्वतंत्रता के हक छीन लिए गए, अखबारों को कोई स्वतंत्रता नहीं रही। न्यायालय बिल्कुल निर्बल बना दिए गए। जिस ढंग से एक लाख से ज्यादा लोग जेल में बंद कर दिए , और फिर सरकार की मनमानी होती रही, उसकी मिसाल दुनिया के इतिहास में भी मिलना मुश्किल है।”

पीएम मोदी ने कहा कि मोरारजी भाई देसाई ने संक्षेप में, लेकिन बहुत ही स्पष्ट तरीके से इमरजेंसी के बारे में बताया है। आप कल्पना कर सकते हैं, वो दौर कैसा था। इमरजेंसी लगाने वालों ने ना सिर्फ हमारे संविधान की हत्या की बल्कि उनका इरादा न्यायपालिका को भी अपना गुलाम बनाए रखने का था। इस दौरान लोगों को बड़े पैमाने पर प्रताड़ित किया गया था। इसके ऐसे अनेक उदाहरण हैं, जिन्हें कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। जॉर्ज फर्नांडिस को जंजीरों में बांधा गया था। अनेक लोगों को कठोर यातनाएं दी गई। ‘मीसा’ के तहत किसी को भी ऐसे ही गिरफ्तार कर लिया जाता था। विद्यार्थियों को भी परेशान किया गया और अभिव्यक्ति की आजादी का भी गला घोंट दिया गया।

पीएम मोदी ने इस दौरान भारत की जनता की अदम्य शक्ति की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उस काले दौर में भी भारतीय जनता न झुकी, न टूटी, और न ही लोकतंत्र के साथ कोई समझौता किया। आखिरकार, जनता-जनार्दन की जीत हुई और आपातकाल को हटाने के साथ-साथ इसे थोपने वाली ताकतों को भी सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।

इस संदर्भ में पीएम ने बाबू जगजीवन राम के एक ऑडियो का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा, “पिछला चुनाव, चुनाव नहीं था। भारत की जनता का एक महान अभियान था। उस समय की परिस्थितियों को बदल देने का, तानाशाही की धारा को मोड़ देने का और भारत में प्रजातंत्र के बुनियाद को मजबूत कर देने का।”

इसी तरह, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शब्दों को उद्धृत करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “देश में जो कुछ हुआ, उसे केवल चुनाव नहीं कह सकते। एक शांतिपूर्ण क्रांति हुई है। लोकशक्ति की लहर ने लोकतंत्र की हत्या करने वालों को इतिहास के कूड़ेदान में फेंक दिया है।”

पीएम मोदी ने यह भी बताया कि आपातकाल थोपे जाने के 50 वर्ष हाल ही में पूरे हुए हैं। इस अवसर पर देशवासियों ने ‘संविधान हत्या दिवस’ मनाया, ताकि उस दौर की क्रूरता को याद रखा जाए और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सजग रहा जाए। उन्होंने उन सभी वीरों को याद करने का आह्वान किया, जिन्होंने आपातकाल का डटकर मुकाबला किया और संविधान को सशक्त बनाए रखने में योगदान दिया।

बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा था कि चंद्रयान की सफलता के बाद देशभर के बच्चों में अंतरिक्ष को एक्सप्लोर करने का जज्बा बढ़ा है और शुभांशु की यात्रा बच्चों को जज्बा देती है। पीएम मोदी ने शुभांशु से कहा कि हमें अपना स्टेशन बनाना है और चंद्रमा पर एस्ट्रोनॉट की लैंडिंग करानी है, इसके लिए आपका यह अनुभव काफी काम आएगा। जवाब में शुभांशु ने कहा कि हर बात का वह बारीकी से अध्ययन कर रहे हैं।

‘मन की बात’ के एपिसोड के अंत में पीएम मोदी ने 1 जुलाई को मनाए जाने वाले एक विशेष दिन की भी याद दिलाई। यह दिन दो महत्वपूर्ण पेशों ‘डॉक्टर्स’ और ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट्स’ के सम्मान का दिन है। पीएम मोदी ने कहा, “ये दोनों ही समाज के ऐसे स्तम्भ हैं, जो हमारी जिंदगी को बेहतर बनाते हैं। डॉक्टर हमारे स्वास्थ्य के रक्षक हैं और सीएम आर्थिक जीवन के मार्गदर्शक हैं।” पीएम ने दोनों ही पेशों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की और देश भर के डॉक्टर्स और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button