भारत वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2029 की करेगा मेजबानी, गृहमंत्री अमित शाह ने कहा- हर नागरिक के लिए गर्व का क्षण

वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स के लिए भारतीय टीम का चयन सालाना ऑल इंडिया पुलिस गेम्स के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। देश में पुलिस खेलों का संचालन ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड करता है, जिसके अंतर्गत 53 सदस्य संगठन हैं…

 

नईदिल्ली (ए)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत को प्रतिष्ठित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2029 की मेजबानी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में विकसित विशाल खेल अवसंरचना की वैश्विक मान्यता है। साथ ही, उन्होंने अहमदाबाद को इस बड़े आयोजन का स्थल चुने जाने को शहर की खेल क्षेत्र में बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण बताया।

अपने एक्स पोस्ट में गृहमंत्री ने लिखा, “भारत को प्रतिष्ठित 2029 वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की मेजबानी सौंपा जाना हर भारतीय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में निर्मित भव्य खेल ढांचे की वैश्विक स्तर पर मान्यता है। अहमदाबाद को इस आयोजन का स्थल चुना जाना इसे अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर स्थापित करता है।”

वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स एक द्विवर्षीय (हर दो साल में) आयोजन है जिसकी शुरुआत 1985 में हुई थी। अब तक इसके 20 संस्करण हो चुके हैं, जिनमें से अमेरिका में 8 बार, कनाडा में 5 बार, यूरोप में 4 बार, ब्रिटेन में 2 बार और चीन में 1 बार यह आयोजन हुआ है। ये खेल पुलिस, अग्निशमन, आपातकालीन चिकित्सा सेवा, आपदा सेवा और अन्य फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स के लिए आयोजित किए जाते हैं।

भारतीय पुलिस की टीम ने पहली बार 2007 में एडिलेड में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में भाग लिया था। तब से लेकर अब तक भारत ने इन खेलों के 8 संस्करणों में भाग लेकर कुल 1400 से अधिक पदक जीते हैं। सबसे हालिया 20वें संस्करण का आयोजन 26 जुलाई से 6 अगस्त 2023 के बीच कनाडा के विनिपेग (Winnipeg) में हुआ था, जिसमें भारतीय पुलिस के 133 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर 343 पदक जीते जिनमें 224 स्वर्ण, 82 रजत और 37 कांस्य पदक शामिल हैं। यह भारतीय दल के लिए अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन था।

वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स के लिए भारतीय टीम का चयन सालाना ऑल इंडिया पुलिस गेम्स के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। देश में पुलिस खेलों का संचालन ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड करता है, जिसके अंतर्गत 53 सदस्य संगठन हैं, जिनमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPFs), राज्य पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां शामिल हैं।

यह बोर्ड हर वर्ष 40 राष्ट्रीय स्तर के पुलिस खेल आयोजन करता है, और इनमें से हर खेल के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय टीम के लिए चुना जाता है। भारत को 2029 के संस्करण की मेजबानी मिलना न केवल देश की खेल क्षमताओं का प्रमाण है, बल्कि यह पुलिस और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के समर्पण और कौशल को भी वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button