भारत ने बनाया महिला T20I का अपना सबसे बड़ा स्कोर, मंधाना ने हासिल की बड़ी उपलब्धि

भारत ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया। चौथे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने 20 ओवर में दो विकेट पर 221 रन बनाए…
तिरुवनंतपुरम (ए)। श्रीलंका के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में रविवार को भारतीय महिला टीम ने इतिहास रच दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की शतकीय साझेदारी के दम पर महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय का अपना सबसे बड़ा स्कोर बना दिया। टीम ने इस मैच में दो विकेट पर 221 रन बनाए।
श्रीलंका के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी हुई। दोनों के बीच हुई यह साझेदारी किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले मंधाना और शेफाली के बीच ही 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 143 रनों की साझेदारी हुई थी। इस दौरान शेफाली ने 46 गेंदों में 79 और मंधाना ने 48 गेंदों में 80 रनों की शानदार पारी खेली। इस मैच में मंधाना ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली।
वह भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक छक्के लगाने वाली बल्लेबाज बन गईं। अब उनके नाम 80 छक्के दर्ज हो गए हैं। इस मामले में उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत कौर को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 78 छक्के दर्ज हैं। श्रीलंका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे बड़ी पारियों के मामले में भी मंधाना शेफाली से आगे निकल गईं। वहीं, मंधाना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हजार रन भी पूरे कर लिए।
टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के सबसे बड़े स्कोर
| स्कोर | विपक्षी टीम | स्थान | साल |
|---|---|---|---|
| 221/2 | श्रीलंका | तिरुवनंतपुरम | 2025 |
| 217/4 | वेस्टइंडीज | डी. वाई. पाटिल स्टेडियम | 2024 |
| 210/5 | इंग्लैंड | ट्रेंट ब्रिज | 2025 |
| 201/5 | यूएई महिला | दांबुला | 2024 |



