भारत का लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगा सामना

भारत का सामना टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगा। दोनों टीमों के बीच इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में यह लगातार तीसरी भिड़ंत होगी। आइए जानते हैं भारत और इंग्लैंड का हेड टू हेड रिकॉर्ड कैसा है…

 

मुंबई (ए)। सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम ने सारे समीकरण ध्वस्त करते हुए टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारत इस टूर्नामेंट के इतिहास में कुल छह और लगातार तीन बार सेमीफाइनल में पहुंचा है। भारत का सामना अब पांच मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से होगा। ऐसा नहीं है कि दोनों टीमें इससे पहले सेमीफाइनल में नहीं भिड़ी हैं। यह लगातार तीसरी बार होगा जब भारत और इंग्लैंड फाइनल में पहुंचने के लिए एक दूसरे का सामना करेंगे।

भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारत अगर वेस्टइंडीज को हरा सका तो इसके पीछे सबसे बड़ा योगदान सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन का है जिन्होंने रविवार को दमदार पारी खेली। भारत के लिए सैमसन ने एक छोर से मोर्चा संभाले रखा और अंत तक टिके रहे। कोलकाता के ईडेन गार्डेंस में रविवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में चार विकेट पर 195 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने संजू सैमसन की नाबाद 97 रनों की विस्फोटक पारी की मदद से 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारतीय टीम अब सेमीफाइनल मुकाबले के लिए मुंबई जाएगा जहां पांच मार्च को वानखेड़े पर सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। वानखेड़े स्टेडियम पर भारत और इंग्लैंड के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमें इस स्टेडियम में कुल दो बार टी20 में आमने-सामने हुई हैं। दिलचस्प बात है कि एक मैच भारत ने जीता है, जबकि एक मैच इंग्लैंड अपने नाम करने में सफल रहा है। यानी इस मैदान पर दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने मिल सकता है।

क्या इतिहास रच सकेगा भारत?
  • भारतीय टीम टी20 विश्व कप में इतिहास रचने के करीब पहुंच गई है।
  • टी20 विश्व कप 2026 भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित हो रहा है। श्रीलंका का सफर थम गया है, लेकिन एशिया से भारत एकमात्र टीम है जो खिताब की दौड़ में बनी हुई है।
  • अब तक कोई भी टीम खिताब का बचाव नहीं कर सकी है और भारत के पास ऐसा करने का मौका है।
  • इतना ही नहीं, किसी भी मेजबान टीम ने टी20 विश्व कप का खिताब अपने घरेलू जमीन पर नहीं जीता है। भारत ऐसा करने से दो कदम दूर है।
  • भारत ने दो बार इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया है और उसके पास तीसरी ट्रॉफी अपने नाम कर सर्वाधिक बार टी20 विश्व कप का विजेता बनने का मौका है।

सेमीफाइनल में कैसा है दोनों टीमों का रिकॉर्ड
भारत और इंग्लैंड की टीम टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में तीसरी बार एक दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। इससे पहले दोनों टीमें 2022 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भिड़ी थीं। उस वक्त इंग्लैंड ने एकतरफा अंदाज में 10 विकेट से जीत दर्ज कर भारत का ट्रॉफी जीतने का सपना तोड़ दिया था। इसके बाद भारत और इंग्लैंड के बीच 2024 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में मुकाबला हुआ। भारत ने उस मैच को 68 रन से अपने नाम किया और फाइनल में जगह बनाई। अब देखना दिलचस्प होगा कि पांच मार्च को कौन टीम किस पर भारी पड़ती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button