बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदला करवट, 23-24 फरवरी को बारिश की संभावना
रायपुर। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने एक कम दबाव के क्षेत्र की वजह से देश के कई हिस्सों में इस समय झमाझम बारिश हो रही है, हालांकि एक दिन पहले तक छत्तीसगढ़ में इसका असर नहीं दिखाई दिया, लेकिन शनिवार से प्रदेश में भी मौसम करवट बदलने जा रहा है और विभाग ने यहां पर भी कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान विभाग ने देर रात तक प्रदेश के कोरिया, बलरामपुर और सूरजपुर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
IMD ने इस हफ्ते की शुरुआत में प्रदेशभर में मौसम में बदलाव होने की जानकारी दी है, साथ ही लगातार दो दिनों तक कई जिलों के भीगने के बारे में बताया है। विभाग के अनुसार आज सोमवार (23 फरवरी) को प्रदेश के 19 जिलों और मंगलवार (24 फरवरी) को 8 जिलों में पानी गिरने की संभावना है।
23 फरवरी (सोमवार) को इन 19 जिलों में झमाझम बारिश की संभावना- कोरिया, जशपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बेमेतरा, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, महासमुंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और सुकमा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने व बिजली गिरने की संभावना जताई है।
24 फरवरी (मंगलवार) को इन 8 जिलों में दुर्ग, रायपुर, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने व बिजली गिरने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। इसके प्रभाव से सोमवार और मंगलवार को ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे वाले मैदानी इलाकों, असम, मेघालय और तेलंगाना में गरज के साथ छिटपुट वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में बिजली भी गिर सकती है, जबकि 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने की संभावना है। सोमवार को पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में में भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 23 से 26 फरवरी के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह गरज के साथ हल्की बारिश होने और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।



