पीएम मोदी 5 फरवरी को महाकुंभ में लगाएंगे आस्था की डुबकी, संगम पूजन और आरती में भी होंगे शामिल

पीएम मोदी का पांच फरवरी को प्रयागराज महाकुंभ दौरा प्रस्तावित है. इससे पहले पीएम मोदी के प्रोटोकाल में बदलाव किया गया है. पांच फरवरी को ही दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान भी पड़ेंगे…
नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच फरवरी को महाकुंभ जाएंगे. इससे पहले उनके प्रोटोकॉल में बदलाव किया गया है. नये प्रोटोकाल के मुताबिक, अब पीएम मोदी महाकुंभ में एक ही घंटा रहेंगे. पहले से तय कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. पीएम मोदी के महाकुंभ आगमन से पहले सोमवार को टीम ने रिहर्सल किया. वहीं, पीएम मोदी से पहले एक बार फिर चार फरवरी को सीएम योगी महाकुंभ पहुंच रहे हैं. वह महाकुंभ की तैयारियां परखेंगे. बता दें कि पांच फरवरी को ही दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग भी है।
नये प्रोटोकाल के मुताबिक, पीएम मोदी पांच फरवरी को सुबह करीब 10.30 बजे महाकुंभ पहुंचेंगे. पीएम नरेंद्र मोदी के साथ भूटान के नरेश भी मौजूद रहेंगे. पीएम मोदी महाकुंभ में संगम पूजन, आरती और स्नान के बाद दिल्ली लौट जाएंगे. पीएम मोदी के आगमन की तैयारियों की समीक्षा के लिए चार फरवरी को सीएम योगी प्रयागराज पहुंचेंगे. इसके बाद पांच फरवरी को भी पीएम मोदी के स्वागत के लिए सीएम योगी प्रयागराज आ सकते हैं।
बता दें कि इससे पहले 2019 के कुंभ के दौरान पीएम मोदी संगम में डुबकी लगाए थे. इस दौरान पीएम मोदी पांच लाख स्वच्छता कर्मचारियों के पैर भी धुले थे. पीएम मोदी ने सफाईकर्मियों के पांव पखार कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया था. इस दौरान कुंभ में लगे करीब 20 हजार से सफाईकर्मियों को पुरस्कृत भी किया था. साथ ही प्रधानमंत्री ने नाविकों, सुरक्षा में लगे जवानों को भी सम्मानित किया था।
पीएम मोदी के प्रयागराज पहुंचने से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ चार फरवरी को सुबह 8:50 बजे कालिदास मार्ग लखनऊ से अमौसी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे. इसके बाद 9:30 बजे वह अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे. 10:10 अमौसी एयरपोर्ट से बमरौली एयरपोर्ट प्रयागराज पहुंचेंगे. 10:50 बजे सीएम योगी बमरौली एयरपोर्ट से किला घाट के लिए रवाना होंगे।
इसके बाद 11 बजे वह किला घाट पहुंचेंगे. इसके बाद 12:25 बजे अक्षयवट दर्शन कर करेंगे. करीब 1 बजे लेटे हनुमान जी के दर्शन करेंगे. करीब सवा तीन बजे सीएम योगी बमरौली एयरपोर्ट से अमौसी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे. सीएम योगी के साथ भूटान नरेश भी मौजूद रहेंगे।



