पीएम मोदी को ट्रिनिदाद और टोबैगो के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक” से किया गया सम्मानित

प्रधानमंत्री मोदी यह प्रतिष्ठित सम्मान पाने वाले पहले विदेशी नेता हैं। उन्हें यह सम्मान उनकी राजनीतिज्ञता, वैश्विक दक्षिण के लिए उनकी मजबूत वकालत और भारत और त्रिनिदाद और टोबैगो के बीच द्विपक्षीय संबंधों को महत्वपूर्ण रूप से मजबूत करने के लिए दिया गया…

 

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुक्रवार को पोर्ट ऑफ स्पेन स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ (ओआरटीटी) से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत और त्रिनिदाद-टोबैगो के बीच प्रगाढ़ होते संबंधों और साझेदारी का सशक्त प्रतीक है। त्रिनिदाद और टोबैगो की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कंगालू ने प्रधानमंत्री मोदी को यह पुरस्कार प्रदान किया।

प्रधानमंत्री मोदी यह प्रतिष्ठित सम्मान पाने वाले पहले विदेशी नेता हैं। उन्हें यह सम्मान उनकी राजनीतिज्ञता, वैश्विक दक्षिण के लिए उनकी मजबूत वकालत और भारत और त्रिनिदाद और टोबैगो के बीच द्विपक्षीय संबंधों को महत्वपूर्ण रूप से मजबूत करने के लिए दिया गया।

सम्मान ग्रहण करने के उपरांत पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान हमारे देशों के बीच गहरी और शाश्वत मित्रता का प्रतीक है। मैं इस सम्मान को 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक गौरव के रूप में स्वीकार करता हूं। उन्होंने कहा इस सम्मान का पहली बार किसी विदेशी राजनेता को दिए जाना हमारे विशेष संबंधो की गहराई को दर्शाता है।

पीएम मोदी ने कहा कि यह सम्मान हमारे साझा इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित है। उन्होंने आगे कहा,180 साल पहले पहले भारत से जो लोग यहां आए थे उन्होंने हमारी मित्रता की नींव रखी थी। भले ही उनके हाथ खाली थे, लेकिन उनके मन भारतीय सभ्यता, संस्कृति और विविधता से समृद्ध थे। उन्होंने आपसी सौहार्द और सद्भाव के जो बीज बोए थे, वे आज त्रिनिदाद और टोबैगो के प्रति उनकी प्रगति और समृद्धि के रूप में साकार हो रहें हैं।

इससे पहले, त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने भारतीय प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके वैश्विक नेतृत्व, भारतीय प्रवासियों के साथ गहरे संबंधों और कोविड-19 महामारी के दौरान उनके मानवीय प्रयासों के लिए दिया जा रहा है।

यह प्रधानमंत्री मोदी को किसी देश द्वारा दिया गया 25वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है और बुधवार को उन्हें ‘ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किए जाने के बाद यह दूसरा सम्मान है। इससे पहले त्रिनिदाद पहुंचने से ठीक पहले घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने अक्रा में उन्हें यह सम्मान दिया था। यह सम्मान उनके “विशिष्ट राजनेता और प्रभावशाली वैश्विक नेतृत्व” के लिए दिया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button