नारी शक्ति को नमन, इस बार 8 मार्च पर मेरा सोशल प्लेटफॉर्म संभालेंगी महिलाएं : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि, 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है। सभी विद्याएं देवी के ही विभिन्न स्वरूपों की अभिव्यक्ति हैं। बेटियों का सम्मान सर्वोपरि रहा है। संविधान सभा में हंसा मेहता जी ने कहा था। पीएम मोदी ने कहा कि इंस्टाग्राम और एक्स को एक दिन के लिए देश की महिलाओं को समर्पित किया जाएगा…

 

 

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में कहा कि इस बार महिला दिवस पर उनके सोशल अकाउंट की कमान महिलाएं संभालेंगी। रविवार ‘मन की बात’ के 119वें एपिसोड को संबोधित करते हए उन्होंने देश के लिए सर्वस्व समर्पित करने वाली महिलाओं को भी याद किया।

पीएम मोदी ने महिलाओं के योगदान का जिक्र करते हुए कहा, “हंसा मेहता जी ने हमारे राष्ट्रीय ध्वज के निर्माण से लेकर उसके लिए बलिदान देने वाली देश भर की महिलाओं के योगदान को सामने रखा था। उनका मानना था कि हमारे तिरंगे में केसरिया रंग से भी ये भावना उजागर होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया था कि हमारी नारी शक्ति भारत को सशक्त और समृद्ध बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान देगी – आज उनकी बातें सच साबित हो रही हैं। आप किसी भी क्षेत्र पर नजर डालें तो पाएंगे कि महिलाओं का योगदान कितना व्यापक है।”

इसके बाद पीएम ने अनूठी पहल का खुलासा किया। पीएम मोदी ने कहा, “इस बार महिला दिवस पर मैं एक ऐसी पहल करने जा रहा हूं, जो हमारी नारी शक्ति को समर्पित होगी। इस विशेष अवसर पर मैं अपने सोशल मीडिया अकाउंट जैसे एक्स, इंस्टाग्राम के अकाउंट्स को देश की कुछ इंस्पायरिंग वीमेन को, एक दिन के लिए सौंपने जा रहा हूँ। ऐसी वीमेन जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं, इनोवेशन किया है, अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। 8 मार्च को, वो, अपने कार्य और अनुभवों को देशवासियों के साथ साझा करेंगी।”

उन्होंने आगे कहा, “प्लेटफॉर्म भले ही मेरा होगा, लेकिन वहां उनके अनुभव, उनकी चुनौतियाँ और उनकी उपलब्धियों की बात होगी। यदि आप चाहती हैं कि ये अवसर आपको मिले, तो नमो एप पर बनाए गए विशेष फोरम के माध्यम से, इस प्रयोग का हिस्सा बनें और मेरे एक्स और इंस्टाग्राम अकाउंट से, पूरी दुनिया तक, अपनी बात पहुंचाएँ, तो आइए, इस बार महिला दिवस पर हम सब मिलकर अदम्य नारी शक्ति को सेलिब्रेट करें, सम्मान करें, नमन करें।”

इसके साथ ही पीएम मोदी ने कहा, ‘सोशल मीडिया का प्लेटफॉर्म का मंच भले ही मेरा हो, लेकिन वहां उनके अनुभवों, चुनौतियों और उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी।’ पीएम मोदी ने महिलाओं को नमो ऐप के जरिए इस खास पहल में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया है। उनसे अपने संदेशों को वैश्विक स्तर पर फैलाने का आग्रह किया है।

प्रधानमंत्री ने इसरो के 100वें प्रक्षेपण मिशन की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक संख्या भर नहीं है बल्कि इससे अंतरिक्ष विज्ञान में नित नयी ऊंचाइयों को छूने के भारत के संकल्प का भी पता चलता है। उन्होंने पाकिस्तान में जारी चैम्पियंस ट्रॉफी क्रिकेट का जिक्र करते हुए कहा कि इस खेल में शतक के रोमांस से सब भलीभांति परिचित हैं लेकिन अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत को मिली सफलता उससे कहीं ज्यादा रोमांचक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि समय के साथ अंतरिक्ष की इस उड़ान में भारत की सफलताओं की सूची काफी लंबी होती चली गई।

उन्होंने कहा कि प्रक्षेपण यान का निर्माण हो, चंद्रयान की सफलता हो, मंगलयान हो या आदित्य वन या फिर एक ही रॉकेट से एक ही बार में 104 उपग्रहों को अंतरिक्ष में भेजने का अभूतपूर्व मिशन हो, इसरो की सफलताओं का दायरा काफी बड़ा रहा है। मोदी ने कहा कि बीते 10 वर्षों में ही करीब 460 उपग्रह प्रक्षेपित किए गए हैं और इनमें दूसरे देशों के भी बहुत सारे उपग्रह भेजे गए हैं। उन्होंने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नारी शक्ति की बढ़ती भागीदारी की भी सराहना की। मोदी ने कहा कि उन्हें यह देखकर भी बहुत खुशी होती है कि आज अंतरिक्ष क्षेत्र युवाओं के लिए बहुत प्रिय बन गया है। उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले किसने सोचा होगा कि इस क्षेत्र में स्टार्टअप और निजी क्षेत्र की अंतरिक्ष कंपनियों की संख्या सैकड़ों में हो जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button