दूसरे टेस्ट जितने से भारत 7 कदम दूर: गिल ने तोड़ा 54 साल पुराना रिकॉर्ड, यशस्वी ने द्रविड़-सहवाग का रिकॉर्ड की बराबरी की

यशस्वी ने अपने 21वें टेस्ट में 2000 रन पूरे कर लिए। उन्होंने भारत की दूसरी पारी के दौरान 28 रन बनाए और यह उपलब्धि हासिल की। हालांकि, टेस्ट पारी के मामले में यशस्वी ने द्रविड़ और सहवाग की बराबरी की है। तीनों ने 40-40 पारी में 2000 रन पूरे किए हैं…

 

नईदिल्ली (ए)। भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल समाप्त हो गया है। भारत ने अपनी दूसरी पारी छह विकेट पर 427 रन पर घोषित की और 607 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर मेजबान टीम के सामने 608 रनों का लक्ष्य रखा। भारतीय गेंदबाजों ने दूसरी पारी में टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और इंग्लैंड को तीन झटके दिए। इंग्लैंड ने जैक क्रावली, बेन डकेट और जो रूट के विकेट गंवा दिए हैं। दिन के खेल की समाप्ति तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 72 रन बनाए हैं और उसे अब 536 रन और बनाने हैं। स्टंप्स के समय ओली पोप 24 और हैरी ब्रूक 15 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। भारत की ओर से आकाश दीप ने दो विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज को एक विकेट मिला है।

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने क्रावली का जल्दी गंवा दिया। क्रावली खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद आकाश दीप ने बेन डकेट को बोल्ड किया जो 25 रन बनाकर पवेलियन लौटे। आकाश ने फिर जो रूट को बोल्ड किया जो छह रन बनाकर आउट हुए। भारत ने इस तरह इंग्लैंड के तीन विकेट गिराए। भारत को अब पांचवें और आखिरी दिन जीत के लिए सात विकेट लेने होंगे, जबकि इंग्लैंड को जीत दर्ज करनी है तो 536 रन बनाने होंगे।

गिल ने अपनी शानदार पारी के दम पर इतिहास रच दिया है और वह एक टेस्ट मैच में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। गिल ने इस मामले में भारत के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर को पीछे छोड़ दिया है। गावस्कर ने 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले गए टेस्ट मैच में कुल 344 रन बनाए थे। गिल ने बर्मिंघम में खेले जा रहे इस मैच में 430 रन बनाए और उन्होंने 54 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। गिल पहले भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने एक टेस्ट मैच में 400 से अधिक रन बनाए हैं।

गिल आठवें भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाया है। वहीं, वह नौवें खिलाड़ी हैं जिन्होंने एक ही टेस्ट मैच में दोहरा शतक और शतक लगाया है। गिल ने बर्मिंघम टेस्ट की पहली पारी में 269 रन बनाए थे और अब दूसरी पारी में भी उन्होंने शतक लगा दिया है।

गिल कप्तान के तौर पर अपने पहले दो टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। कोहली ने कप्तान के तौर पर अपने पहले दो टेस्ट मैच में 449 रन बनाए थे, लेकिन गिल अब इस मामले में कोहली से आगे निकल गए हैं। गिल अब तक दो टेस्ट मैच में 550 से अधिक रन बना चुके हैं। इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर सुनील गावस्कर हैं जिन्होंने कप्तान के तौर पर अपने पहले दो टेस्ट मैच में 429 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ ने इस दौरान 367 रन बनाए थे।

गिल तीसरे भारतीय कप्तान हैं जिन्होंने टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाए हैं। उनसे पहले गावस्कर और विराट कोहली ऐसा कर चुके हैं। गावस्कर ने 1978 में वेस्टइंडीज और कोहली ने 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाए हैं। गावस्कर ने 107 और 182* रन की पारी खेली थी, जबकि कोहली ने 115 और 141 रन बनाए थे। गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 269 रन बनाए थे और दूसरी पारी में वह शतक लगाने में सफल रहे। वहीं, गिल दूसरे भारतीय खिलाड़ी हैं जिन्होंने कप्तान के तौर पर अपने पहले दो टेस्ट मैच में तीन शतक लगाए हैं। उनसे पहले कोहली ने ऐसा किया है।
इतना ही नहीं गिल एक टेस्ट सीरीज में तीन या इससे अधिक शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं। एक टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय कप्तान का रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम है। गावस्कर ने 1978/79 में वेस्टइंडीज के खिलाफ चार शतक लगाए थे। कोहली ने 2014-15 के ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर तीन और 2017 में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में तीन शतक लगाए थे। अब गिल भी इंग्लैंड के मौजूदा दौरे पर तीन शतक लगाकर इस सूची में शामिल हो गए हैं।
यशस्वी भारत के लिए टेस्ट में सबसे तेज 2000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। यशस्वी ने इस मामले में राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ दिया है। यशस्वी ने ऐसा मैच के मामले में किया है। यशस्वी ने अपने 21वें टेस्ट में 2000 रन पूरे कर लिए। उन्होंने भारत की दूसरी पारी के दौरान 28 रन बनाए और यह उपलब्धि हासिल की। हालांकि, टेस्ट पारी के मामले में यशस्वी ने द्रविड़ और सहवाग की बराबरी की है। तीनों ने 40-40 पारी में 2000 रन पूरे किए हैं। ओवरऑल टेस्ट मैच के मामले में यशस्वी महान सर डॉन ब्रैडमैन, वेस्टइंडीज के जॉर्ज हेडली, ऑस्ट्रेलिया के माइक हसी और मार्नस लाबुशेन से पीछे रह गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button