कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने किया जिला अस्पताल और हेल्दी लाइफ स्टाइल क्लीनिक का औचक निरीक्षण

रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिला चिकित्सालय पंडरी का निरीक्षण कर दवाइयों की उपलब्धता एवं भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाइयों का स्टॉक रजिस्टर देखा तथा स्टोर में मौजूद दवाइयों का भौतिक मिलान कराया।

कलेक्टर ने स्टॉक रजिस्टर में दर्ज आंकड़ों और वास्तविक उपलब्ध दवाइयों की स्थिति की तुलना कर रिकॉर्ड संधारण प्रणाली की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी दवाओं का विवरण रजिस्टर के साथ-साथ कंप्यूटर में भी व्यवस्थित रूप से दर्ज किया जाए, ताकि स्टॉक की अद्यतन स्थिति तत्काल उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड दवाइयों के संबंध में भी जानकारी ली गई। कलेक्टर डॉ. सिंह ने निर्देशित किया कि Expired दवाइयों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित एवं विधिवत निष्पादन किया जाए।

उन्होंने कहा कि दवा प्रबंधन स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही स्टोर रूम में रखे गए अन्य सामान एवं उपकरणों का भी प्रॉपर एवं अद्यतन रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए।

जिला चिकित्सालय स्थित हेल्दी लाइफ स्टाइल क्लीनिक का निरीक्षण

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिला चिकित्सालय परिसर स्थित हेल्दी लाइफ स्टाइल क्लीनिक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्लीनिक में स्काई ग्रुप के csr fund के तहत निशुल्क भोजन वितरण की सराहना की।

क्लीनिक के संचालक श्री अग्रवाल ने बताया कि हर मंगलवार को स्काई समूह एवं रोटरी क्लब ऑफ रायपुर द्वारा संयुक्त रूप से करीबन 400 लोगों को निशुल्क भोजन कराया जाता है। क्लीनिक में योग, फिजियोथेरेपी, एक्यूपंक्चर, डाइटेशन एवं मेडिटेशन जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कलेक्टर डॉ सिंह ने वहां उपस्थित चिकित्सकों एवं स्टाफ से चर्चा कर सेवाओं की नियमितता, लाभार्थियों की संख्या एवं व्यवस्थाओं के संचालन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि जीवनशैली संबंधी रोगों की रोकथाम एवं उपचार के लिए इस क्लीनिक को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button