“एकत्व परिवार परामर्श केंद्र” भवन का कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया उद्घाटन

जिले में बिखरते परिवार को पुनः जोड़ने के लिए की गई विशेष पहल…अनुभवी काउंसलर्स द्वारा सलाह और भावनात्मक सहयोग प्रदान करने की सुविधा…परिवार में एकता, सौहार्द और आपसी तालमेल स्थापित करने के लिए नवाचार…जिले में पारिवारिक क़लह के बढ़ते मामले को सुलझाने साथ ही मानसिक संबल प्रदान करने और संबंधो में सुधार लाने के उद्देश्य से एकत्व- परिवार परामर्श केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया है…

सारंगढ़। जिला कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे व जिला पुलिस अधीक्षक  आंजनेय वार्ष्णेय द्वारा संयुक्त रूप से जिले के कोतवाली थाना परिसर में नए भवन एकत्व – परिवार परामर्श केंद्र का लोकार्पण किया गया । जिनकी नींव पूर्व में ही जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 12.07.25 को रखी गई थी। जिसे अब स्थानांतरित करके नए सर्व सुविधायुक्त कार्यालय के रूप में स्थापित किया गया है।

जिले में लगातार बढ़ते पारिवारिक आपसी मनमुटाव और वैचारिक मतभेदों के कारण परिवार की सुख, समृद्धि प्रभावित हो रही थी और इस संवदेनशीलता को समझते हुए जिला पुलिस सारंगढ़ बिलाईगढ़ द्वारा विशेष पहल की शुरुआत करते हुए परिवार परामर्श केंद्र की स्थापना की गई है। जिससे पुनः परिवारों को जोड़ा जा सकेगा। जिससे काउंसलर्स द्वारा मामलों को सुलझाने की प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके।

एकत्व परामर्श केंद्र में पूर्व में 3 काउंसलर नियुक्त थे। पर मामलों की स्थायी निराकरण और त्वरित कार्यवाही के लिए अब 6 अन्य नए काउंसलर नियुक्त किए गए है जिससे मामलों का निपटारा जल्द हो सकेगा।

परिवारों को जोड़ने के उद्देश्य से संचालित परामर्श केंद्र में वर्तमान आंकड़ों के अनुसार कुल दर्ज़ 55 प्रकरणों में से अधिकांश मामलों में सकारात्मक परिणाम देखने को मिला है। जिसमें से 30 मामलों का पूर्ण काउंसलिंग करके 28 ममलों में समझौता उपरांत निस्तारण किया जा चुका है एवं 2 मामलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है, वहीं लंबित मामलों में जल्द ही काउंसलिंग के माध्यम से समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।

इसी तारतम्य में कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर ने नए परामर्श केंद्र के कार्यों का अवलोकन किया और इस पहल की प्रशंसा की। इस दौरान उन्होंने बढ़ते तनाव और बिखराव के बीच परामर्श केंद्रों की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही लोगों से क़ानूनी प्रक्रिया में उलझने की बजाय परामर्श केंद्र की माध्यम से मामला निपटाने अपील की।

पुलिस अधीक्षक ने एकत्व का मूल उद्देश्य परिवार में सामंजस्य व सौहार्द्र बनाए रख एकता स्थापित करना बताया गया।पूर्व से पदस्थ काउंसलर द्वारा अपने अनुभव साझा किया गया साथ ही नव नियुक्त काउंसलर द्वारा एकत्व का हिस्सा बनकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस करने के साथ ही काउंसलर के रूप में पारिवारिक मामलों को सुलझाने में अपने इस दायित्व को जीवन के अनुभव का सार एवं शिक्षा का सदुपयोग होना बताया। इस दौरान अधिक से अधिक परिवार के मध्य एकता स्थापित कर एकत्व को सार्थक करने में अपना संपूर्ण योगदान देने हेतु आश्वस्त किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button